Gorakhpur: सपा प्रमुख अखिलेश यादव गोरखपुर में 20 किमी लंबा रोड शो करने के बाद जनसभा की। इसमें अखिलेश ने कहा- अगर आज ही वोट पड़ जाएं तो काशी का डबल जीरो गोरखपुर में भी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर आकर ऐसा लग रहा कि यूरोप की यात्रा पर आया हूं। इंटरनेट न चलने पर अखिलेश ने कहा- सरकार डर गई है, इसीलिए इंटरनेट बंद कर दिया। इससे पहले रोड शो में अखिलेश ने PDA रथ की छत पर चढ़कर कार्यकर्ताओं के सामने जोड़े। समर्थकों ने उन पर फूल बरसाए। क्रेन से माला पहनाई।
रोड शो में सपा कार्यकर्ता रथ के आगे-पीछे दौड़ते रहे। ‘टीपू इज बैक’ के पोस्टर लहराते रहे। डीजे पर ‘यूपी के कोने-कोने में भैयाजी को जिताना है…’ और ‘2027 में अखिलेश आ रहे हैं…’ जैसे गाने बजाए गए। ‘2027 के सत्ताधीश’ लिखी टी-शर्ट पहनकर 2 फीट के शुभम ने डांस किया। वहीं, जनसभा स्थल पर श्रीकृष्ण के साथ अखिलेश यादव की तस्वीर वाला पोस्टर लगाया गया है। इससे पहले अखिलेश बुधवार दोपहर 12.30 बजे निजी विमान से गोरखपुर पहुंचे। एयरपोर्ट के बाहर एक हजार से ज्यादा सपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। ढोल-नगाड़े के साथ 6 बटुकों ने मंत्रोच्चारण किया।।
‘गोरखपुर का अपमान इसी सरकार ने किया’
अखिलेश ने गोरखपुर की सभी विधानसभा सीटों पर सपा की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि वनस्पति के चक्कर में गोरखपुर भी बदनाम हुआ है। लखनऊ में एक दुखी मां से कहा गया था कि हमें भाषण नहीं सुनना है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर का अपमान किसी ने किया है तो इसी सरकार ने किया है। गोरख धंधे के जरिए शिक्षक वाला चुनाव जीत लिया गया। अगर ऐसा नहीं होता तो उनकी पार्टी के प्रत्याशी जीतते। सरकार ने घोड़े वाली चाल चली, जिसे वे समझ नहीं पाए। आने वाले समय में सपा न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश को आगे बढ़ाने का काम करेगी। अखिलेश ने युवाओं को दिए जा रहे टैबलेट पर तंज कसते हुए कहा कि टैबलेट का हिंदी मतलब गोली होता है। नौजवान कह रहे हैं कि उन्हें 2014 का मॉडल दे दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार में जो लैपटॉप दिए गए थे, उनसे नौजवानों को आगे बढ़ने का मौका मिला। हरदोई में एक अधिकारी ने लैपटॉप खोला तो उसमें उनकी और नेताजी की तस्वीर आ गई। उन्होंने गन्ने से प्लास्टिक जैसा मैटेरियल बनाने की तकनीक का भी जिक्र किया। कहा कि जरूरत पड़ी तो इसके कारखाने भी लगाए जाएंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि अजय कुमार सिंह टप्पू भी उनके साथ आए हैं। उन्होंने बताया कि फ्लाईओवर से लोगों को कितनी असुविधा होती है। सपा सरकार बनने पर जनता जैसा फ्लाईओवर चाहती है, वैसा ही बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन उसी अनुपात में किसानों को मदद नहीं मिल रही है। पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस सरकार को पेट्रोल सस्ता करना था, वह उसमें एथेनॉल मिलाकर दे रही है। अगर एथेनॉल नहीं मिलाया जाए तो पेट्रोल की कीमत क्या होगी? उस कीमत पर कोई मोटरसाइकिल चला पाएगा? उन्होंने E20 पेट्रोल को लेकर कहा कि इसे डालने से मोटरसाइकिल खराब हो जाएगी। मुख्यमंत्री को इसकी टेक्नोलॉजी की जानकारी नहीं है।
सपा सरकार बनी तो बिना कार्ड के मुफ्त इलाज और दवा मिलेगी
अखिलेश यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार में करीब 500 प्राइवेट अस्पताल बने हैं, लेकिन मेडिकल कॉलेज और एम्स में इलाज की सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। नर्सिंग स्टाफ का वेतन भी 10 साल में नहीं बढ़ाया गया। सपा सरकार ने उनका वेतन तुरंत बढ़वाया था। उन्होंने कहा- मैं भरोसा देकर जा रहा हूं कि मेडिकल कॉलेजों में एम्स जैसी सुविधाएं मिलेंगी। गरीबों को इलाज के लिए कोई कार्ड नहीं दिखाना होगा। वे बिना कार्ड के अस्पताल आएं, सभी का इलाज और दवाइयां मुफ्त मिलेंगी। अखिलेश ने कहा कि किसी को लगता है कि यह व्यवस्था लागू नहीं हो पाएगी तो वह सैफई मेडिकल कॉलेज देखकर आए। वहां नेताजी ने मुफ्त इलाज की व्यवस्था की थी। लखनऊ के लोहिया अस्पताल में भी ऐसी व्यवस्था की गई थी। अखिलेश ने कहा कि जो लोग विरासत की गद्दी की बातें कर रहे हैं, उनके पास तीन बसें और एक ट्रक था। मठ में आने से पहले उसे चलाने का इंतजाम करते थे। परिवारवाद सबसे पहले किसने शुरू किया? अगर जो उस समय सम्मानित थे, उनके परिवार के थे, उन्होंने कृपा न की होती। उनका साथ न मिलता तो कभी भी उन्हें गद्दी नहीं मिलती। गद्दी ही नहीं, सीट भी मिली है। कोई बता दे कि इतनी जल्दी प्रमोशन कैसे होता है? क्या कारण था कि जिस पीठ में हजारों साधु-संत जुड़े रहे, उनको मौका नहीं मिला। उत्तराधिकारी कौन बना? आज के जो मुखिया हैं, वही उत्तराधिकारी बना दिए गए। कोई चार साल के अंदर आकर बैठ गए। सवाल यह है कि किस योग्यता से चुना गया। ये नकली संत हैं, असली संत कोई और था।
