UP Congress: दो दिसंबर से चुनावी अभियान शुरू करेगी कांग्रेस! पूर्वांचल पर नजर

UP Congress: यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस रामनगरी अयोध्या से अपने चुनावी अभियान का आगाज करेगी। पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना दो दिसंबर को अयोध्या से चुनावी बिगुल फूंकेंगी। इसके साथ ही कांग्रेस की नजर पूर्वांचल की विधानसभा सीटों पर रहेगी। पार्टी इस कार्यक्रम के जरिये कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के साथ ही क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में है। प्रदेश अध्यक्ष अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगी। इसके बाद विशाल जनचौपाल को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम में पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है। रामनगरी को अभियान के शुभारंभ के लिए चुनना भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पूर्वांचल में विपक्षी दलों की राजनीतिक गतिविधियां तेज!

प्रदेश की राजनीति में राम मंदिर और सनातन से जुड़े मुद्दों को लेकर सियासी दलों की सक्रियता के बीच कांग्रेस भी अयोध्या से अपने अभियान की शुरुआत कर रही है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के धार्मिक स्थलों के दौरों और सनातन से जुड़े आयोजनों में भागीदारी के बाद अब कांग्रेस की ओर से भी रामनगरी में बड़ा कार्यक्रम प्रस्तावित है। इससे पूर्वांचल में विपक्षी दलों की राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष के दौरे की तैयारियों को लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त अयोध्या पहुंचे। उन्होंने कमला नेहरू भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में अयोध्या और अंबेडकरनगर के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें जनचौपाल की रूपरेखा और कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर चर्चा हुई। अभिषेक दत्त ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का अयोध्या में पहला आगमन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण है। उनके स्वागत की तैयारियां की जाएंगी। अंबेडकरनगर जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की बात कही। महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने प्रत्येक वार्ड से कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही। जिला प्रवक्ता शीतला पाठक के अनुसार कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त और इमरान मसूद समेत कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *