Rajasthan: इंदौर जा रही बस में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लगी भीषण आग, आठ श्रद्धालुओं की मौत

Rajasthan: इंदौर जा रही बस में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लगी भीषण आग, आठ श्रद्धालुओं की मौत

Rajasthan: राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक दोनों में आग लग गई। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं। दौसा एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ स्थित जीरो पॉइंट पर रात करीब 2:30 बजे हुआ। मृतकों में छह लोगों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि दो लोगों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया।

घायलों का इलाज दौसा जिला अस्पताल में चल रहा है। बस में तेजी से फैली आग पुलिस के अनुसार हादसे के बाद बस में आग तेजी से फैल गई, जिससे अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई। प्रत्यदर्शियों के मुताबिक बस करीब एक घंटे तक जलती रही और इसी दौरान स्थानीय लोगों ने आग और धुएं के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश की। हादसे में कई बच्चे भी घायल हुए हैं। जिला अस्पताल में भर्ती घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक महिला अपने घायल बच्चे के इलाज के लिए डॉक्टरों से गुहार लगाती नजर आई।

बस में सिगरेट के पैकेट होने का दावा

स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया है कि बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट भरे हुए थे। उनका मानना है कि इसी वजह से आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। हालांकि पुलिस ने अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है। एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि अब तक घायलों में से केवल 9 लोगों की पहचान हो सकी है। अन्य यात्रियों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने संवेदना व्यक्त की

सीएम भजनलाल शर्मा ने सड़क हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि का समाचार पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *