UP के 25 शहरों में बारिश, 27 में रेड अलर्ट; पांच जिलों में स्‍कूल बंद

UP के 25 शहरों में बारिश, 27 में रेड अलर्ट; पांच जिलों में स्‍कूल बंद

UP News: उत्‍तर प्रदेश में गाजियाबाद, मेरठ, बहराइच और हापुड़ सहित 25 शहरों में गुरुवार सुबह से बारिश हो रही है। गाजियाबाद में इतनी बारिश हुई कि सड़कों पर दो फीट तक पानी भर गया है। कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। लखनऊ, अयोध्या समेत ज्यादातर शहरों में बादल छाए हैं।

बारिश के चलते मथुरा, संभल और हाथरस में 8वीं, मेरठ में 9वीं और गाजियाबाद में 12वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने आज सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 27 जिलों में रेड अलर्ट है। यानी इन जिलों में भीषण बारिश होने की संभावना है। इस सीजन में पहली बार रेड अलर्ट जारी हुआ है।

बुधवार को 71 जिलों में हुई बारिश

बुधवार की बात करें तो 71 जिलों में बारिश हुई। प्रयागराज में खेत में काम कर रहे दो लोगों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। अलीगढ़ में पानी में उतरे करंट की चपेट में आने से एक महिला की जान चली गई। सबसे अधिक 144.4 मिमी बारिश चित्रकूट में रिकॉर्ड की गई। पूरे प्रदेश में पिछले 24 घंटे में सामान्य से 46 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से बना बारिश का सिस्टम अब मध्य प्रदेश के आसपास पहुंच गया है। इसका असर यूपी में भी पड़ रहा है। इसलिए प्रदेश में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। अगले 5 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

यूपी के 75 जिलों में बारिश का अलर्ट

भीषण बारिश

सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, बाराबंकी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, जालौन और हमीरपुर।

भारी बारिश

मथुरा, आगरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, महोबा, ललितपुर, बांदा, फतेहपुर, रायबरेली, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, अयोध्या, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, संतकबीरनगर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, अंबेडकरनगर, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया।

हल्की बारिश

चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, संत रविदास नगर (भदोही), मिर्जापुर और सोनभद्र।

जून से सितंबर के बीच 8% बारिश कम हो सकती है

सीनियर साइंटिस्ट अतुल सिंह बताते हैं- इस साल यूपी समेत पूरे देश में सामान्य से कम बारिश का अनुमान है। आमतौर पर यूपी में जून से सितंबर के बीच करीब 820 से 840 मिलीमीटर बारिश होती है। लेकिन, इस साल 8% कम यानी लगभग 754 से 773 मिलीमीटर तक ही पानी बरसेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *