UP News: उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाया है। राजभर ने दावा किया कि उनके कुछ कार्यकर्ताओं ने उनसे मुलाकात के दौरान वसूली की शिकायत की है। उन्होंने कहा कि उन्हें बताया गया कि अखिलेश यादव से फोटो खिंचवाने और हाथ मिलाने तक के लिए पैसे लिए जाते हैं।
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लंबी पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उनके पास आए कुछ लोग खुद को समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता बता रहे थे। उनका दावा है कि इन लोगों ने आरोप लगाया कि “भैया” से फोटो खिंचवाने के लिए ₹5,000 और हाथ मिलाने के लिए ₹8,000 से ₹10,000 तक लिए जाते हैं। साथ ही किसी से मुलाकात कराने के भी अलग-अलग रेट तय हैं।
राजभर ने अखिलेश की संपत्ति पर भी उठाया सवाल
ओम प्रकाश राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अगर ये आरोप सही हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव की संपत्ति में 900 गुना तक बढ़ोतरी हुई है, तो फिर कार्यकर्ताओं से इस तरह की कथित वसूली की जरूरत क्यों पड़ रही है।
मित्र अखिलेश जी, आपके कुछ कार्यकर्ता अपने किसी काम से हमारे पास आए। जाति से आपके वाले ही हैं। आपसे बहुत प्रभावित भी हैं। कहते हैं बस भैया की सरकार आ जाये तो ‘आ हा हा, मौज आ जाएगी’। बस उन्होंने हमसे आपकी एक शिकायत की। ये शिकायत वो आपके यहां कर नहीं सकते तो बात बात में मुझसे बताने…
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) July 10, 2026
उन्होंने यह भी लिखा कि यदि यह सब उनके करीबी लोग कर रहे हैं, तो अखिलेश यादव को इस पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने उनसे उम्मीद जताई कि वह यह बात अखिलेश यादव तक पहुंचाएं, ताकि उनकी शिकायत सुनी जा सके।
सपा-अखिलेश ने नहीं दिया कोई रिएक्शन
फिलहाल, ओम प्रकाश राजभर के इन आरोपों पर समाजवादी पार्टी या अखिलेश यादव की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, राजभर की इस पोस्ट के बाद प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बयानों का दौर तेज हो गया है।
