UP News: उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश से गंगा और घाघरा सहित छह नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। एक लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का पानी बाजार तक पहुंच गया है। सड़कों पर नावें चल रही हैं। गुप्त गोदावरी की दोनों गुफाएं पर्यटकों के लिए बंद कर दी गई हैं। बहराइच के कई गांव जलमग्न हैं।
गुरुवार को मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने ट्रैक्टर पर बैठकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। लोगों से मिलकर उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। प्रयागराज में गंगा-यमुना उफान पर हैं। रसूलाबाद से नागवासुकी मंदिर तक जाने वाली रिवर फ्रंट रोड डूब गई है। गंगा का पानी ‘लेटे हुए’ हनुमान मंदिर कॉरिडोर तक पहुंच गया है।
काशी में विश्वनाथ मंदिर का गंगा द्वार बंद
काशी में विश्वनाथ मंदिर का गंगा द्वार बंद कर दिया गया है। मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट के शवदाह स्थल जलमग्न हो गए हैं। अब हरिश्चंद्र घाट पर गलियों और सीढ़ियों पर, जबकि मणिकर्णिका घाट पर छत पर अंतिम संस्कार हो रहा है। दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती भी छत पर कराई जा रही है। नमो घाट जलमग्न हो गया है।
शुक्रवार तड़के प्रयागराज और कौशांबी सहित पांच जिलों में बारिश हुई। सुबह से काले घने बादल छाए हैं। प्रयागराज में 5 दिन से लगातार रुक-रुक बारिश हो रही है। दारागंज, करेली और सलोरी जैसे इलाकों में घरों में 3-3 फीट पानी भरा है। 2 हजार से ज्यादा छात्रों ने हॉस्टल छोड़ दिया है।
लखनऊ-कानपुर समेत कई शहरों में मौसम साफ
वहीं, लखनऊ, कानपुर और वाराणसी समेत ज्यादातर शहरों में मौसम साफ है। बादलों की आवाजाही के बीच हल्की हवाएं चल रही हैं। आज मौसम विभाग ने 65 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 72 घंटे की बात करें तो बारिश की वजह से मकान ढहने से 6 लोगों की मौत हुई है। मिर्जापुर में 3, जौनपुर में 2 और अमेठी में 1 की जान चली गई।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं आ रही हैं। इसका असर यूपी में पड़ रहा है। 25 अगस्त तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
भारी बारिश का अलर्ट
इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, बांदा, कौशांबी और प्रयागराज।
हल्की बारिश
बिजनौर, मेरठ, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, कासगंज, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, अयोध्या, सुल्तानपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली और बस्ती।
बूंदाबांदी
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, फर्रुखाबाद, हरदोई, लखनऊ, अमेठी, प्रतापगढ़, ललितपुर, संत रविदास नगर, मिर्जापुर और सोनभद्र।
