Lucknow News: नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने आकाश आनंद को आजाद समाज पार्टी में आने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा है कि आकाश मेरी पार्टी में आ जाएं। हम दोनों भाई मिलकर बाबा साहब का मिशन पूरा करेंगे। वहां (बीएसपी) में मेरे लिए दरवाजे बंद, पर वह यहां आ सकते हैं। चंद्रशेखर ने यह बात इको गार्डन में चल रहे पंचायत सहायकों के प्रदर्शन में शामिल होकर कही। पंचायत सहायक पांच दिन से अपना मानदेय बढ़वाने के लिए लखनऊ में प्रदर्शन कर रहे हैं।
चंद्रशेखर आजाद ने आकाश आनंद को आजाद समाज पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि भले ही बीएसपी में उनके लिए दरवाजे बंद हो गए हों, लेकिन आकाश आनंद के लिए आजाद समाज पार्टी के दरवाजे हमेशा खुले हैं। चंद्रशेखर ने कहा- आकाश भाई हमारे साथ आएं। हम मिलकर बाबा साहब के मिशन को पूरा करेंगे। आकाश आनंद भले ही मेरी आलोचना करते रहे हों, लेकिन मैंने हमेशा उन्हें अपना छोटा भाई माना है।
पंचायत सहायकों की मांगों का समर्थन
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जब प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए पंचायत सहायक एक सप्ताह से मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। वे मानदेय बढ़ाने समेत सेवा से जुड़ी अन्य मांगें पूरी कराने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर धरना देने की वजह से किसी पंचायत सहायक को नौकरी से निकाला गया, तो अगला मोर्चा इको गार्डन में नहीं, बल्कि सीएम आवास पर होगा। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मानव संवेदना सबसे ऊपर होनी चाहिए। मंत्रियों के यहां पानी पिलाने वाले को भी 20 हजार रुपये हर महीने मिलते हैं। फिर पंचायत सहायकों से छह हजार रुपए में कैसे काम करवाया जा सकता है?
उन्होंने पंचायत सहायकों को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी पंचायत सहायक को परेशान नहीं कर सकता। प्रदर्शन कर रहे पंचायत सहायकों ने कहा कि ग्राम पंचायतों में विभिन्न ऑनलाइन कार्यों के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी निभाई जा रही हैं। ऐसे में उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा देने की दिशा में सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। साथ ही मानदेय का समय पर भुगतान और सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
