UP News: सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा, इस सरकार को कोई और दूसरा काम नहीं करना है। इनको सिर्फ लोगों को बांटना है। मदरसों के साथ इन्होंने भेदभाव किया है। भाजपा को सिर्फ तोड़ना आता है। आधी-अधूरी नौकरी और आधी-अधूरी शिक्षा देने का काम भाजपा ने किया। हमारी सरकार आने पर सारी व्यवस्था ठीक कर देंगे। आने वाले समय हम शिक्षा मित्रों को और बेहतर बनाने का काम करेंगे। उनको एक शिक्षक के रूप में सम्मानित करेंगे। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को अपने विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पार्टी के सभी 11 विधान परिषद उम्मीदवारों को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय दिया जाएगा। इसके साथ ही पुरानी पेंशन योजना लागू करने और तदर्थ शिक्षकों को बहाल करने की बात भी कही। सपा प्रमुख ने इन घोषणाओं को शिक्षकों से जुड़े मुद्दों के समाधान के तौर पर सामने रखा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में चुनाव आयोग की गड़बड़ी के कारण सपा की सरकार यूपी में नहीं बन सकी। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद हमने कहा था कि सपा समर्थकों के वोट काटे गए।
लंबे समय से गड़बड़ी कर रहा चुनाव आयोग
2017 में हम समझ नहीं सके। हम मानते थे कि चुनाव आयोग ईमानदारी से और निष्पक्ष होकर काम कर रहा होगा पर ऐसा नहीं था। अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग चुनाव में लंबे समय से गड़बड़ी कर रहा था पर अब सब सामने आ रहा है। भाजपा के लोगों ने गांव-गांव से वोट कटवाने की कोशिश की और बड़ी संख्या में फॉर्म-7 भरकर भेजे। लखनऊ में एक ही व्यक्ति ने फॉर्म-7 भरकर 100 से ज्यादा वोट कटवाए जबकि एक व्यक्ति सिर्फ पांच लोगों के खिलाफ ही फॉर्म-7 जमा कर सकता है। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव में गड़बड़ी पर आयोग का बचाव कर रहे हैं। इसका मतलब है कि वो भी घोटाले में शामिल हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि चुनावों में वोट चोरी और बेईमानी तो लंबे समय से चल रही है। 2022 के चुनाव में हमने देखा कि समाजवादी पार्टी समर्थकों के बड़ी संख्या में वोट काट दिए गए। अब जब बेईमानी की खबरें अखबारों में छपने लगीं, तब लोगों को समझ में आ रहा है कि वोट चोरी और चुनाव में घोटाला हो रहा है। नोएडा में अभी भी फर्जी वोट बनाए जा रहे है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने 2024 में भाजपा को हराया है। 2027 में भाजपा का सफाया कर देंगे। भाजपा पूंजीपतियों के लिए काम करती है और धन्नासेठों की पार्टी है।
