Pakistan Drone at LOC: भारतीय सेना के एक्शन से पाकिस्तानी ड्रोन की कोशिशें नाकाम!

Pakistan Drone at LOC: भारतीय सेना के एक्शन से पाकिस्तानी ड्रोन की कोशिशें नाकाम!

Pakistan Drone Spotted at LOC: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में लाइन ऑफ कंट्रोल पर भारतीय सेना ने पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। सूत्रों के मुताबिक नौशेरा रुमलीधारा इलाके के पास देर रात पाकिस्तान की ओर से तीन ड्रोन इंडियन एयरस्पेस में दाखिल हुए। लेकिन बॉर्डर पर अलर्ट जवानों ने तुरंत ड्रोन की गतिविधि का पता लगा लिया। भारतीय सेना ने तुरंत अपने काउंटर-ड्रोन सिस्टम को एक्टिव कर दिया। इंडियन आर्मी की इस त्वरित कार्रवाई के बाद तीनों ड्रोन वापस पाकिस्तान की ओर लौट गए। हालांकि किसी भी संभावित खतरे को लेकर सेना ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

सुरक्षा बल पूरी तरह से अलर्ट

अब सुरक्षा बल यह पता लगाने में जुटे हैं कि ड्रोन किस मकसद से भारतीय इलाके में दाखिल हुए थे और क्या उन्होंने किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि को अंजाम दिया। LoC पर पहले भी इस तरह की कोशिशें हो चुकी हैं। आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए ड्रोन के जरिए हथियार और गोला-बारूद भेजने का इंतजाम सीमा पार से किया जाता है। ड्रोन घुसपैठ की घटना के बाद सुरक्षा बल पूरी तरह से अलर्ट हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि तीनों ड्रोन ने किसी संदिग्ध गतिविधि को अंजाम तो नहीं दिया।

तलाश अभियान शुरू

अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन को शुक्रवार देर शाम मेंढर सेक्टर में बालाकोट इलाके के बह्रूटी गांव में देखा गया। यह LoC के पास मंगलनार-डबरोत की ओर बढ़ा और फिर पाकिस्तान लौट गया। उन्होंने बताया कि नियंत्रण रेखा की निगरानी कर रहे सेना के जवानों ने सतर्कता बढ़ाते हुए सुबह पहली किरण के साथ ही तलाश अभियान शुरू कर दिया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रोन से कोई संदिग्ध सामग्री गिराई गई है या नहीं। अधिकारियों ने बताया कि तलाश अभियान अभी जारी है और सीमा पर सुरक्षा बल अत्यधिक सतर्कता बरत रहे हैं।

वन क्षेत्रों में बड़ा तलाशी अभियान

इसके साथ ही, पुलिस ने सेना और अर्धसैनिक बलों के साथ मिलकर संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद ऊधमपुर, कठुआ और राजौरी जिलों के विशाल वन क्षेत्रों में बड़ा तलाशी अभियान चलाया है। अधिकारियों के अनुसार, ऊधमपुर-कठुआ वन क्षेत्र के खुबान, नगाइन, खत्रैल, गोडू फलाल, पडेतर, चोर मोट्टू, किया, खेबा, भेड, जोफर और आसपास के इलाकों में शुक्रवार शाम संयुक्त तलाश अभियान शुरू किया गया था, जो अभी जारी है। वहीं राजौरी के गैबास, मिठियानी, मोगला और नरला इलाकों में दो संदिग्ध हथियारबंद लोगों के देखे जाने की सूचना ग्रामीणों से मिलने के बाद एक अलग तलाश अभियान चलाया गया। इन हथियारबंद संदिग्धों को आतंकवादी बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *