Malaria and Dengue in UP: प्रदेश में बारिश के साथ मौसमी बुखार का खतरा बढ़ने के बीच लखनऊ मंडल में मच्छरजनित बीमारियों की अलग तस्वीर आई है। मंडल में डेंगू के मुकाबले मलेरिया के मरीजों की संख्या अधिक है। सीतापुर मलेरिया के मामलों में सबसे आगे है, वहीं लखनऊ डेंगू के मामलों शीर्ष पर है। आंकड़ों के मुताबिक, इस साल 24 अगस्त तक लखनऊ मंडल के छह जिलों में मलेरिया के 1,084 और डेंगू के 135 मरीज सामने आए हैं। हालांकि, राहत की बात ये है कि इन दोनों बीमारियों से किसी मौत की सूचना नहीं है। मौसमी और वायरल बुखार के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट पर रखा गया है।
डेंगू के मामले मलेरिया से बिल्कुल अलग पैटर्न दिखा रहे हैं। मंडल के 135 मरीजों में 98 अकेले लखनऊ के हैं। यानी करीब 73 प्रतिशत डेंगू मरीज राजधानी में मिले हैं। लखीमपुर खीरी और उन्नाव में 10-10, सीतापुर में नौ, हरदोई में छह और रायबरेली में दो मरीज मिले हैं। मंडल के 1,084 मलेरिया मरीजों में अकेले 563 सीतापुर के हैं। इसके बाद हरदोई में 219 और लखनऊ में 212 मरीज मिले हैं। लखीमपुर खीरी में 75, उन्नाव में 14 और रायबरेली में सिर्फ एक मरीज मिला है।
