Lucknow Crime News: लखनऊ का व्यस्ततम मिठाईवाला चौराहा गुरुवार करीब दोपहर 12 बजे गोलियों की तडतड़ाहट से गूंज उठा। यहां पति ने महिला बैंक कर्मी की दिनदहाड़े हत्या के बाद अवसाद में चल रही अपनी बहन को मौत के घाट उतारा और फिर आत्महत्या कर ली। आईसीआईसीआई बैंक मिठाईवाला चौराहा के बाहर पत्नी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या करने के बाद मानस वाजपेई ने घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर हुसड़िया चौराहे पर पहुंचकर बहन तूलिका को गोली मार दी। बहन की हत्या करने के बाद उसने आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक, मानस बाजपेई और पत्नी दिव्या मिश्रा में विवाद चल रहा था और बहन की मानसिक स्थिति नहीं ठीक थी।
पत्नी की हत्या के बाद मानस बाजपेई ने मोबाइल के वॉट्सऐप पर स्टेटस लगाया था। इसमें लिखा था- सुसाइड करने जा रहा हूं। दिव्या मिश्रा यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थी। उसने एक वर्ष पहले पति मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अपील दायर की थी। इसके बाद से वह आलमबाग में रहती थी। पति मानस बाजपेई हुसड़िया चौराहे के पास अपनी बहन सीबा के किराए के मकान में रहता था। वह भारतीय स्टेट बैंक में काम करता था। मानस के माता-पिता की मौत हो चुकी है।
