UP News: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार तड़के से ही लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर, बरेली और संभल समेत 15 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बाकी जिलों में बादलों की आवाजाही जारी है। आज सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है, जबकि 15 जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
बारिश के कारण आगरा शहर से 50 किलोमीटर दूर पिनाहट गांव में बरसाती नदी उफान पर है। यहां एक शख्स ने प्रसव के बाद पत्नी और नवजात को चारपाई के सहारे नदी पार कराई। ग्रामीणों का कहना है कि नदी पर कोई पुल नहीं है। बारिश के दिनों को छोड़कर यह नदी पूरे साल सूखी रहती है, लेकिन बारिश के वक्त लोग जान जोखिम में डालकर इसे पार करते हैं।
10 नदियां चेतावनी बिंदु के पार
उधर, पहाड़ों पर हो रही बारिश से यूपी में गंगा, यमुना और शारदा समेत 10 नदियां चेतावनी बिंदु को पार कर गई हैं। 16 जिलों में 80 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं। सबसे ज्यादा फर्रुखाबाद के 49 गांवों में बाढ़ का असर है। उन्नाव में गंगा का पानी घरों में घुस गया है। लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं। गलियों में नावें चल रही हैं।
कानपुर के 5 से ज्यादा गांवों में पानी घुस गया है। बच्चे नाव से स्कूल जा रहे हैं। वाराणसी में घाटों की सीढ़ियों तक पानी पहुंच गया है। 100 से अधिक छोटे मंदिर जलमग्न हो गए हैं। हरिश्चंद्र घाट का शवदाह स्थल डूब गया है।
कल 15 जिलों में हुई बारिश
इससे पहले, गुरुवार को प्रयागराज, गोरखपुर और आजमगढ़ समेत 15 जिलों में बारिश हुई। जौनपुर में इतनी बारिश हुई कि सड़कें तालाब बन गईं। गोरखपुर में सड़कों पर एक फीट पानी भर गया।
वाराणसी BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके असर से प्रदेश में एक बार फिर मानसून जोर पकड़ेगा। आने वाले दिनों में पूरे यूपी में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, संत रविदास नगर, मिर्जापुर और सोनभद्र।
मध्यम बारिश
शामली, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, संभल, पीलीभीत, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, बहराइच, अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़, रायबरेली, कानपुर नगर, आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, वाराणसी और चंदौली।
हल्की बारिश
मेरठ, हापुड़, अलीगढ़, एटा, कासगंज, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर और देवरिया, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद और जालौन।
