Petrol Diesel Price: भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट फ्यूल रिटेलर कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल कीमतों में कटौती कर दी है। नायरा एनर्जी ने 1 जुलाई से देशभर में अपने सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमत 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 3 रुपये प्रति लीटर घटा दी है। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने के बाद कंपनी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की है। बताते चलें कि पश्चिम एशिया संकट के दौरान कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतें 125 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गई थीं। लेकिन, स्थिति सुधरने के बाद अब तेल के दाम 70-72 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गए हैं।
नायरा पेट्रोल पंप पर अब किस भाव पर बिक रहा पेट्रोल–डीजल
दिल्ली-एनसीआर में आने वाले हरियाणा के फरीदाबाद में नायरा के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमतें 108.03 रुपये प्रति लीटर से कम होकर 103.03 रुपये प्रति लीटर हो गई है। जबकि, डीजल की कीमतें 98.84 रुपये प्रति लीटर से घटकर 95.84 रुपये हो गई हैं।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुलने से सस्ता हुआ कच्चा तेल
बताते चलें कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से एक बार फिर कच्चे तेल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस की सप्लाई शुरू हो गई है। सप्लाई में रुकावटों की चिंता कम होने से कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली है।

