UP News: उत्तर प्रदेश में सीतापुर, बाराबंकी और देवरिया समेत कई जिलों के 2000 से ज्यादा गांवों की बिजली गुल हो गई। बुधवार शाम बरेली में 90 की रफ्तार में चली आंधी में टिन शेड के साथ 50 साल का युवक करीब 50 फीट हवा में उड़ गया। वह 100 मीटर दूर खेत में गिरा। उसका हाथ टूट गया। अस्पताल में इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया। प्रयागराज और भदोही में सबसे ज्यादा 17-17 मौतें हुईं। मिर्जापुर में आंधी और बिजली गिरने से 15 लोगों की जान चली गई।
फतेहपुर में 9, बदायूं में 6, प्रतापगढ़ और बरेली में 4-4 मौतें हुईं। बुधवार को गाजियाबाद, वाराणसी, अयोध्या सहित 30 जिलों में बारिश हुई। मथुरा, उन्नाव और प्रयागराज में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरे। कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए। बिजली के खंभे उखड़ गए। दीवार गिरने से गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। आज यानी गुरुवार को मौसम साफ है। तेज धूप निकली है।
51 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज 51 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आज से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने लगेगा। इससे प्रदेश में मौसम साफ होने लगेगा। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। दिन के साथ रात में गर्मी पड़ेगी। 16 मई से बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में लू चलने और तपिश बढ़ने की भी संभावना है।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
15 मई: पूरे प्रदेश में तेज धूप निकलेगी। आसमान साफ रहेगा। पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
16 मई: आसमान साफ रहेगा और तेज धूप से गर्मी बढ़ेगी। रात में भी गर्मी का एहसास होगा। कुछ इलाकों में लू चलेगी।
17 मई: पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। आंधी-बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।
18 मई: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा। लू चलने से गर्मी बढ़ेगी।
19 मई: पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ेगी। लू चलने के आसार हैं। ज्यादातर जिलों का तापमान 40 डिग्री पार करेगा।
यूपी के 51 जिलों में बारिश का अलर्ट
फतेहपुर, प्रतापगढ़, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद् नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, एटा, मैनपुरी, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं।
योगी ने 24 घंटे में पीड़ितों को मुआवजा देने का आदेश दिया
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बेमौसम बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से प्रदेश में हुए नुकसान पर पीड़ितों को जल्द से जल्द मुआवजा देने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा- पीड़ितों को राहत पहुंचाने का काम 24 घंटे के अंदर पूरा किया जाए। जनहानि, पशुहानि और आर्थिक हानि का संज्ञान लिया। मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों समेत अन्य विभागों के अफसरों को मौके पर पहुंचकर पीड़ितों की हरसंभव मदद करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी अलर्ट मोड पर रहें। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनी से नुकसान का सर्वे कराकर शासन को अवगत कराने को कहा। सर्वे के बाद नुकसान का आंकलन पूरा कर तुंरत मुआवजा देने के निर्देश दिए।

