यूपी के 40 जिलों में लू की चेतावनी, पारा 44.4°C होने से लोगों का हाल बेहाल

यूपी के 40 जिलों में लू की चेतावनी, पारा 44.4°C होने से लोगों का हाल बेहाल

UP News: उत्‍तर प्रदेश में मौसम विभाग ने शुक्रवार (24 अप्रैल) को 40 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है। सीजन में पहली बार 17 जिलों में वार्म नाइट का अलर्ट है। यानी रातें भी गर्मी होंगी।

मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि आज और कल भीषण गर्मी पड़ेगी। दिन में पारा 45°C के पार पहुंचेगा। रात में वार्म नाइट अलर्ट है। ऐसे में पारा सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक होगा। 26 अप्रैल से 4 दिन आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश होगी।

दोपहर में मजदूरों के काम करने पर रोक

बढ़ती गर्मी को देखते हुए आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में दोपहर 12 से 4 बजे तक मजदूरों के काम करने पर रोक लगा दी गई है। गोरखपुर चिड़ियाघर में हाथी बार-बार खुद ही सूंड से खुद पर पानी डाल रहा है।

वहीं, लखनऊ जू में जानवरों के लिए बर्फ की सिल्ली, कूलर और स्प्रिंकलर (फव्वारे) के इंतजाम किए गए हैं। कानपुर में बाघ को ORS का घोल दिया जा रहा है। पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के 30 जिलों का पारा 40°C या इससे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। बांदा सबसे गर्म रहा। यहां पारा 44.4°C पहुंच गया।

26 अप्रैल से हो सकता है मौसम में बदलाव

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि 26 अप्रैल से एक नए विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश भर में बादलों की सक्रियता बढ़ेगी। शुरुआत में पश्चिमी यूपी और तराई वाले इलाकों में बूंदाबांदी से पारे में गिरावट आएगी। इसके बाद पूरे प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश होगी। पारे में 2-3°C की गिरावट आ सकती है। 29 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

इन 40 जिलों में लू का अलर्ट

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर।

इन जिलों में वार्म नाइट का अलर्ट

सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, अमरोहा, संभल और बदायूं। ये आंकड़े पिछले 24 घंटे के हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *