गोरखपुर में BJP की पदयात्रा: CM योगी बोले- राहुल का धुआं निकला, नितिन नवीन ने कहा- उनका लॉन्चिंग पैड ही खराब

गोरखपुर में BJP की पदयात्रा: CM योगी बोले- राहुल का धुआं निकला, नितिन नवीन ने कहा- उनका लॉन्चिंग पैड ही खराब

UP News: उत्‍तर प्रदेश में बुधवार (04 नवंबर) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गोरखपुर, कानपुर और प्रयागराज में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली निकाली। गोरखपुर में सीएम योगी ने राहुल-अखिलेश पर कहा- दोनों लड़कों की जोड़ी हारने के बाद बहाना ढूंढ़ती है। कभी EVM तो कभी SIR को दोषी ठहराते हैं, लेकिन कभी अपने नकारेपन को दोष नहीं देते। कांग्रेस राहुल गांधी को कितनी बार लॉन्च करेगी? राहुल का धुआं निकल चुका है।

उन्होंने कहा कि आप लोगों ने सपा अध्यक्ष का बयान पढ़ा होगा। दिल्ली का उनका बयान बड़ा विचित्र सा बयान था। वे कहते हैं कि अगली पीढ़ी हर लाठी और हर जख्म का बदला लेगी। सपा के बबुआ को थोड़ा समझाइए, लोकतंत्र में बदला नहीं, जनता बदलाव करती है।

नितिन नवीन भी गोरखपुर पहुंचे

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी गोरखपुर में थे। उन्होंने माइक संभालते ही भोजपुरी में लोगों का हालचाल पूछा रउवा सब ठीक बानी ना? उन्‍होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा- जिस लॉचिंग पैड की चर्चा मुख्यमंत्री जी आप कर रहे थे, उसका केवल रॉकेट ही नहीं खराब है। उसका लॉचिंग पैड भी खराब है, जो ऐसे-ऐसे नेता को पैदा करता है।

नितिन नवीन ने कहा- दिल्ली में हमारी भीड़ का 10 प्रतिशत भी विपक्ष रामलीला मैदान में नहीं जुटा पाया। विपक्ष देश को भरमाने का काम कर रहा है। रैली में 12 जिलों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग ‘मोदी है-मोदी रहेगा’ लिखी तख्तियां हाथों में लेकर रैली में शामिल हुए।

महाराणा प्रताप कॉलेज से निकाली गई पदयात्रा

रैली के बाद महाराणा प्रताप कॉलेज से पदयात्रा निकाली गई। यात्रा में सहयोगी दलों के नेताओं में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी, निषाद पार्टी के संजय निषाद, सुभासपा के अरविंद राजभर के अलावा तमाम मुस्लिम लड़के भी शामिल हुए।

कानपुर में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- विपक्ष के लोग बांग्लादेश जैसे हालात लाने और सड़कों पर उतरने की बात कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन का यह मंसूबा कभी पूरा नहीं होगा। जनता का भरोसा इन दलों से उठ चुका है।

डिप्‍टी सीएम ने राहुल-अखिलेश पर साधा निशाना

प्रयागराज में डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा- राहुल गांधी अपने दादा का नाम नहीं लेते, क्योंकि दादा के नाम के साथ फिरोज खान जुड़ा हुआ है। मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि अभी 30 साल तक आप भारत के प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। अखिलेश यादव, आप भी 30 साल तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं बन सकते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *