UP News: आगरा जिले में मंगलवार तड़के मूसलाधार बारिश हुई। करीब एक घंटे तक तेज हवा के साथ हुई बारिश में कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। चौराहों पर लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। कॉलोनियों में घर के अंदर पानी घुस गया। कई जगह सड़कें धंस गई। फुटपाथ धंसने से 25 फीट का गड्ढा बन गया। इसमें ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली समा गई। सड़क किनारे खड़ीं कारें और ट्रक भी गड्ढों में पलट गए। छीपीटोला में एक मकान का अगला हिस्सा गिर गया। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई।
इधर, अधिकतर जिलों में सुबह से मौसम साफ है। तेज धूप निकली है। हवा में नमी की वजह से फिलहाल गर्मी से राहत है। आज प्रदेश के 9 जिलों आंधी-बारिश का अलर्ट है। प्रदेश में अब तक नौतपा बेअसर रहा है। आंधी-बारिश और ओले गिरने से पारा करीब 10°C तक लुढ़क गया है। 25 मई को पारा 47.6°C तक पहुंचा था, जो गिरकर 38°C तक आ गया।
सोमवार को कई जिलों में हुई बारिश
इससे पहले, प्रदेश में सोमवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहा। कई जिलों में आंधी और बारिश का सिलसिला चला। लोगों को गर्मी से राहत मिली। राजधानी लखनऊ समेत पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। बुंदेलखंड के झांसी, ललितपुर और आसपास के जिलों में बारिश हुई। 42°C तापमान के साथ फर्रुखाबाद प्रदेश में सबसे गर्म शहर रहा।
लखनऊ के मौसम के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी यूपी में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। इससे आंधी-बारिश का दायरा सिमट गया है। कल यानी 3 जून से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। 5 जून तक यह पूरे प्रदेश को अपने जद में ले लेगा। इससे पश्चिमी और पूर्वी यूपी में छिटपुट बारिश, ओलावृष्टि और 70 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। गर्मी से राहत बरकरार रहेगी। लू के आसार नहीं हैं।
इन जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट
झांसी, ललितपुर और महोबा।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा और हमीरपुर।
नौपता में 10°C तक गिरा पारा
नौतपा की बात करें तो यूपी में इस बार यह बेअसर रहा। प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओले गिरने से तापमान करीब 10°C तक लुढ़क गया। नौपता के पहले दिन यानी 25 मई को पारा 47.6°C तक पहुंचा था, जो गिरकर 38°C तक आ गया। हालांकि, अब पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने लगा है। इससे फिर से गर्मी बढ़ेगी। पारा 45°C के पार पहुंचेगा।

