भाजपा के कई नेता सपा में शामिल, अखिलेश बोले- BJP का सदस्य बनने पर ही चुनाव आयोग वोटर बना रहा

भाजपा के कई नेता सपा में शामिल, अखिलेश बोले- BJP का सदस्य बनने पर ही चुनाव आयोग वोटर बना रहा

UP News: समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर बीजेपी के लिए काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का सदस्य होने वालों को ही मतदाता बनाया जा रहा है। चुनाव आयोग भाजपा के सदस्यों को ही भारत का नागरिक मान रहा है। आयोग और प्रशासन के सहयोग से भाजपाई बड़े पैमाने पर घोटाला कर रहे हैं।

गुरुवार को सपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश ने भाजपा की 10 चुनावी चालें गिनाईं। उन्होंने कहा कि नकली वोट जुड़वाना, विरोधियों के वोट कटवाना, मतदान के दिन बंदूक तनवाना, ईवीएम सेट करना, मतगणना में गड़बड़ी करना, हारे प्रत्याशी को जीत का प्रमाणपत्र देना, विपक्ष में फूट डलवाना और विपक्ष को तोड़कर सरकार बनवाना भाजपा की चालें हैं।

चुनाव हारने लगती तो चुनाव आयोग के पीछे छिप जाती भाजपा

अखिलेश यादव ने कहा कि जब जनता के बीच भाजपा हारती या कमजोर होती दिखती है, तो वह चुनाव आयोग के पीछे छिप जाती है। दोनों मिलकर संविधान और जनता को धोखा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह 2022 से लगातार आरोप लगाते आ रहे हैं कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। प्रशासन के सहयोग से बड़े पैमाने पर घोटाले की तैयारी की जा रही है।

उन्‍होंने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक स्तर पर कथित गड़बड़ी की कोशिशों को रोकने का काम किया। सरोजनी नगर में दशरथ के नाम से 100 से अधिक फॉर्म भरवाए गए थे। चुनाव आयोग को स्वीकार करना पड़ा था कि शिकायत जायज है। सुल्तानपुर में नंदलाल के फर्जी हस्ताक्षर करके मतदाता सूची से नाम कटवाने के आवेदन दिए गए।

अखिलेश का दावा– 19 लाख फर्जी वोटर पकड़े गए

सपा सुप्रीमो ने दावा किया कि अब तक 16 लाख के अलावा तीन लाख और फर्जी वोटर पकड़े गए हैं। इस तरह कुल 19 लाख फर्जी वोटर पकड़े जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा फर्जी वोटर लोनी में 15 हजार और साहिबाबाद में 13 हजार बनाए गए हैं।

उन्‍होंने आरोप लगाया कि जहां भाजपा को लगता है कि वह चुनाव हार रही है, वहां सबसे ज्यादा गड़बड़ी की जा रही है। मुरादाबाद में सपा 722 वोटों से हारी थी। इसलिए अब तक वहां 8 हजार फर्जी वोट जुड़वा दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि जहां भाजपा की हार निश्चित लगती है, वहां फर्जी वोट जुड़वाए जा रहे हैं।

एसआईआर में 29 बीएलओ की मौत

अखिलेश ने कहा कि आजमगढ़ में एक नौजवान के नाम पर 10 फर्जी वोट बना दिए गए। वह व्यक्ति एक वोट डालेगा, जबकि बाकी नौ वोट भाजपा के लोग डलवा लेंगे। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में 29 बीएलओ की मौत हो चुकी है। अब सुनने में आ रहा है कि पूरी एसआईआर प्रक्रिया को जीरो कर दिया गया है। बताया- 87 लाख फार्म 6 भरे गए। 84000 नाम जोड़ दिए गए। 67 हजार की जानकारी सार्वजनिक की और बाकी जानकारी साझा नहीं की।

कहा कि उपचुनाव में चार सौ बीसी चल सकती है, लेकिन 403 में ऐसा नहीं होने देंगे। भाजपाई हारेंगे भी और भागेंगे भी। झूठे लोगों को भगवान खुद हरवाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में पीडीए समाज के एक भी व्यक्ति की ड्यूटी नहीं लगाई गई। भाजपा नकली वोट जुड़वाने, विरोधियों के नाम कटवाने और मतदान से पहले खाने-पीने की व्यवस्था करने जैसी चालें चल रही है।

चुनाव आयोग की विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है

सुप्रीम कोर्ट की ओर से नोटिस जारी किए जाने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि चुनाव आयोग को अब भी इस्तीफा दे देना चाहिए। आयोग की क्रेडिबिलिटी खत्म हो चुकी है। वह भाजपा के साथ खड़ा दिखाई दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुंदरकी का चुनाव लूट लिया गया। अखिलेश ने कहा कि लोकतंत्र में मार्च करने और धरना देने का अधिकार है। राजनीतिक लोग जहां बैठ जाएंगे, वही जंतर-मंतर बन जाएगा।

अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से 17 और 24 अक्टूबर को बूथ पर रहकर फर्जी वोट जुड़ने से रोकने और छूटे हुए लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन तारीखों पर चुनाव आयोग ने विशेष अभियान चलाया है। हर कदम पर सावधान रहना पड़ेगा। दशरथ नाम के व्यक्ति से 120 फॉर्म जमा कराए गए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि मतदाता सूची को आधार से क्यों नहीं जोड़ दिया जाता, जबकि सरकार के पास पूरा डेटा है।

पहली बार इतने भगवान एक साथ हमारी पार्टी में आए

गोंडा के भवानी शुक्ला अपने पांच बेटों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। उनके बेटों के नाम श्री भगवान शुक्ला, कृष्ण भगवान शुक्ला, शिव भगवान शुक्ला, विष्णु भगवान शुक्ला और शंकर भगवान शुक्ला हैं।

इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि पहली बार इतने भगवान एक साथ पार्टी कार्यालय में आए हैं। हमारे समाज में इन नामों को कोई नहीं भूल सकता। खासकर सनातनी इन नामों को कभी नहीं भूल सकते। अखिलेश ने सपा में शामिल होने पर भवानी शुक्ला का धन्यवाद किया। इस दौरान विनय पुरारी, मेरठ के बसपा नेता मनमोहन सिंह सैनी और गोंडा के कुछ नेताओं के भी पार्टी में शामिल होने का जिक्र किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *