मायावती की पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी बैठक, उमाशंकर सिंह का बेटा पहुंचा; आकाश आनंद नहीं आए

मायावती की पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी बैठक, उमाशंकर सिंह का बेटा पहुंचा; आकाश आनंद नहीं आए

UP Politics: बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती सोमवार (31 अगस्‍त) को लखनऊ में बड़ी बैठक कर रही हैं। इसमें दिवंगत बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के बेटे युकेश सिंह पहली बार पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि युकेश अपने पिता की राजनीतिक विरासत संभालने जा रहे हैं। इसके लिए मायावती उन्हें चुनावी पिच पर लॉन्च करेंगी। बैठक में 2 मिनट का मौन रखकर उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि दी गई।

यूपी में बसपा के इकलौते विधायक रहे उमाशंकर सिंह (55) का 5 अगस्त को निधन हो गया था। वे लंबे समय से ब्रेन कैंसर से जूझ रहे थे। तब मायावती ने कहा था- “उमाशंकर मुझे अपनी सगी बहन की तरह मानते थे। राजनीति में कई लोगों ने साथ छोड़ा, लेकिन उन्होंने कभी पार्टी को धोखा नहीं दिया। अगर परिवार की इच्छा होगी, तो उनके बेटे को राजनीति में आगे बढ़ने का पूरा अवसर दूंगी और उन्हें वही सम्मान और महत्व दिलाने का प्रयास करूंगी, जो उमाशंकर सिंह को मिला था।”

बैठक में आकाश आनंद नहीं पहुंचे

उधर, प्रदेश कार्यालय में सुबह 11 बजे शुरू हुई इस बैठक में प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्ष, मंडल कोऑर्डिनेटर और घोषित विधानसभा प्रभारियों सहित 600 से अधिक पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे हैं। हालांकि, मायावती के भतीजे आकाश आनंद बैठक में मौजूद नहीं हैं। बताया गया है कि आज की बैठक का फोकस सिर्फ यूपी पर है। ऐसे में आकाश 3 सितंबर को होने वाली बसपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे।

बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की जमीनी मजबूती और संभावित प्रत्याशियों के चयन पर चर्चा हो रही है। इसके साथ ही मायावती पिछली बैठकों में दिए गए दिशा-निर्देशों की समीक्षा कर रही हैं। इस दौरान बसपा प्रमुख पदाधिकारियों को आगामी चुनाव के लिए नए दिशा-निर्देश दे सकती हैं।

युकेश अपने पिता की राजनीतिक विरासत के उत्तराधिकारी

उमाशंकर बलिया जिले की रसड़ा सीट से तीन बार विधायक रहे थे। परिवार में पत्नी पुष्पा सिंह, बेटी यामिनी और बेटा प्रिंस युकेश हैं। विधायक ने 2024 में युकेश की शादी यूपी सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह की भतीजी कनिका सिंह से कराई थी। बसपा प्रमुख मायावती इस शादी में भी पहुंची थीं। युकेश अपने पिता की कंपनी ‘CS इंफ्राकंस्ट्रक्शन लिमिटेड’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) हैं। उमाशंकर के निधन के बाद प्रिंस युकेश को उनकी राजनीतिक विरासत का उत्तराधिकारी माना जा रहा है। हालांकि, युकेश कभी एक्टिव पॉलिटिक्स में नहीं दिखे हैं।

30 से ज्यादा विधानसभा प्रभारी घोषित, 50 नाम शॉर्टलिस्ट

बसपा ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब तक 30 से अधिक विधानसभा सीटों पर प्रभारी घोषित कर चुकी है, जबकि 50 से ज्यादा नाम शॉर्टलिस्ट किए जाने की बात सामने आई है। घोषित प्रभारियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क और चुनावी गतिविधियां भी शुरू कर दी हैं।

पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद भी पश्चिमी यूपी में चुनावी सक्रियता बढ़ा चुके हैं। वे हाथरस की सादाबाद और जेवर में चुनावी सभाएं कर चुके हैं। वहीं, पश्चिमी यूपी के प्रभारी मुनकाद अली और प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल भी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलनों के जरिए विधानसभा प्रभारियों के नाम घोषित कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *