Lucknow: धरने पर बैठे कांग्रेस सांसद, राहुल गांधी पर दर्ज FIR वापस लेने की मांग

Lucknow: धरने पर बैठे कांग्रेस सांसद, राहुल गांधी पर दर्ज FIR वापस लेने की मांग
  • तनुज पुनिया के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, पुलिस ने भेजा ईको गार्डेन

Lucknow: राजधानी में कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के शुद्धिकरण के मामले को लेकर विरोध जताया है। कांग्रेस सांसद (बाराबंकी) तनुज पुनिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज स्थित जीपीओ गांधी प्रतिमा पर करीब 45 मिनट तक नारेबाजी और हंगामा किया। इस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने गलत एफआईआर वापस लो, भाजपा सरकार होश में आओ, जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि संविधान को ताक पर रखकर कार्रवाई हो रही है। किसी के खिलाफ भी कार्रवाई भावना के आधार पर नहीं, बल्कि संविधान के अनुसार होनी चाहिए। हमारे नेता राहुल गांधी पर एफआईआर हुई है, कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा है। राहुल गांधी ने दलित अपमान का मुद्दा उठाया था और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया।

कांग्रेस सांसद ने लगाये गंभीर आरोप

तनुज पुनिया ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड में कार्यक्रम किया था। इसके बाद वहां भाजपा के लोगों ने शुद्धिकरण किया। इस मामले को उठाने पर राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया। 22 दिनों से कांग्रेस कार्यकर्ता संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन मल्लिकार्जुन खड़गे के मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हो रहा। उल्टा चोर कोतवाल को डांट रहा है। पूरे देश में कांग्रेस का कार्यकर्ता सड़क पर है। तनुज पुनिया ने कहा कि हमारी मांग है कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा पहले वापस लिया जाए। उत्तराखंड में मल्लिकार्जुन खड़गे के विरोध में जिन लोगों ने शुद्धिकरण किया था, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी पुलिसकर्मी दोषी हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *