सीजफायर बढ़ाने के बाद डोनाल्‍ड ट्रंप बोले- ईरान कंगाल हो रहा, ईरानी दूत बोले- नाकेबंदी हटने के बाद ही बातचीत

सीजफायर बढ़ाने के बाद डोनाल्‍ड ट्रंप बोले- ईरान कंगाल हो रहा, ईरानी दूत बोले- नाकेबंदी हटने के बाद ही बातचीत

Iran US War Update: अमेरिका के राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने ईरान के साथ एकतरफा सीजफायर बढ़ाने के बाद समुद्र में अमेरिकी नाकेबंदी की तारीफ की है। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया पर लिखा- ‘ईरान आर्थिक रूप से टूट रहा है। उसके पास पैसों की कमी हो रही है, इसलिए तुरंत होर्मुज स्ट्रेट खोलना चाहता है।’

उन्होंने दावा किया कि नाकेबंदी की वजह से ईरान को रोज करीब 500 मिलियन डॉलर का नुकसान हो रहा है। ईरान की सेना और पुलिस को समय पर वेतन नहीं मिल रहा और देश के अंदर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। वहीं, ईरान के संयुक्त राष्ट्र में स्थायी प्रतिनिधि अमीर सईद इरावानी ने कहा है कि नाकेबंदी हटने के बाद ही अमेरिका से बातचीत हो सकती है।

ट्रंप का सीजफायर बढ़ाने को लेकर बयान

पाकिस्तानी आर्मी चीफ मुनीर और PM शहबाज की अपील पर फैसला

डोनाल्‍ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका, पाकिस्तान की अपील पर ईरान के साथ चल रहे युद्धविराम (सीजफायर) को आगे बढ़ा रहा है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं कहा कि यह कितने दिन के लिए बढ़ाया गया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान में इस समय नेतृत्व और सरकार में एकजुटता नहीं है। ऐसे वक्त में पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ आसिम मुनीर ने उनसे ईरान पर कुछ समय तक हमले रोकने की अपील की, ताकि ईरान को साझा प्रस्ताव तैयार करने का वक्त मिल सके।

राष्‍ट्रपति ट्रंप ने कहा कि इस अपील को मानते हुए उन्होंने अमेरिकी सेना को फिलहाल हमला रोकने का आदेश दिया है। हालांकि, सेना को पूरी तरह तैयार रहने को भी कहा गया है। इस दौरान ईरान पर दबाव बनाए रखने के लिए नाकेबंदी (ब्लॉकेड) जारी रहेगी। उन्होंने साफ किया कि सीजफायर तब तक जारी रहेगा जब तक ईरान अपनी ओर से ठोस और एकजुट प्रस्ताव नहीं दे देता और बातचीत पूरी नहीं हो जाती, चाहे उसका नतीजा कुछ भी निकले।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स

  • ट्रंप की धमकी: ईरान को चेतावनी दी कि अगर पीस डील नहीं हुई, तो अमेरिकी सेना हमले के लिए पूरी तरह तैयार है और आदेश मिलते ही कार्रवाई कर सकती है। उन्होंने कहा कि सीजफायर आगे नहीं बढ़ाएंगे।
  • होर्मुज खुलवाने पर बैठक: होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए UK-फ्रांस ने 30 देशों की बैठक बुलाने का फैसला किया है। लंदन में आज यह बैठक होगी।
  • वेंस की PAK यात्रा टली: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की पाकिस्तान यात्रा टाल दी गई है। ईरान ने बातचीत के लिए डेलिगेशन को पाकिस्तान भेजने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।
  • हूती विद्रोहियों की चेतावनी: यमन के हूती विद्रोहियों ने चेतावनी दी है कि जंग अभी खत्म नहीं हुई है। अमेरिका और ईरान के बीच बना सीजफायर कमजोर है। इसलिए आगे बड़ा संघर्ष होना तय है।
  • फ्रांस की कड़ी टिप्पणी: राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने होर्मुज स्ट्रेट की नाकाबंदी को अमेरिका की गलती बताया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले के बाद ईरानी अधिकारियों ने अपना शुरुआती रुख बदल लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *