UP Politics: उत्तर प्रदेश की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने गुरुवार (15 अक्टूबर) को अपनी पॉलीटिकल पार्टी बनाने की घोषणा कर दी है। सोशल मीडिया पर उन्होंने एक वीडियो पोस्ट कर अपनी पार्टी का नाम भरी बताया। पार्टी का नाम- जननीति भारत रखा है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देने का संकेत दिया था।
इससे पहले 30 सितंबर को दिव्या मित्तल ने राजनीति में एंट्री का ऐलान किया था। कहा था कि यूपी में ही रहूंगी। डरूंगी नहीं, सवाल करूंगी। किसी पार्टी के साथ नहीं जुड़ूंगी। अकेले चलूंगी। मेरा मकसद राजनेता बदलना नहीं, बल्कि पूरी राजनीति को बदलना है। मुझे पैसा और बाहुबल नहीं चाहिए।
मां विंध्यवासिनी के किए थे दर्शन
दिव्या मित्तल ने सरकारी नौकरी से इस्तीफा देने के बाद शारदीय नवरात्र के पहले दिन विंध्याचल धाम पहुंचकर मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए थे। पूजा के दौरान उन्होंने कलश स्थापना भी की।
इसके बाद से वह मिर्जापुर जिले में ही रह रही हैं और अलग-अलग इलाकों में लोगों से मिलकर जनसंपर्क कर रही हैं। रात को वो कई शहर में कई जगहों पर हो रहे दुर्गा पूजा के कार्यक्रमों में भी शिरकत कर रही हैं। उन्होंने मिर्जापुर सदर से ही चुनाव लड़ने का ऐलान भी किया है।
2013 बैच की IAS थीं दिव्या मित्तल
2013 बैच की IAS रहीं दिव्या ने 2 दिन पहले यानी मंगलवार को फेसबुक पर लिखा था कि 15 अक्टूबर को अपने राजनीतिक सफर का अगला कदम आपके सामने रखूंगी। तभी से उनके फ्यूचर प्लान को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। दिव्या ने IIT दिल्ली से बीटेक और IIM बेंगलुरु से MBA करने के बाद लंदन में लाखों के पैकेज वाली नौकरी की थी।
