सपा के तीन बागी विधायकों ने जॉइन की भाजपा, बोले- कांग्रेस युवराज को शहंशाह नहीं बना पाएगी

सपा के तीन बागी विधायकों ने जॉइन की भाजपा, बोले- कांग्रेस युवराज को शहंशाह नहीं बना पाएगी

UP News: समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी बुधवार (14 अक्‍टूबर) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। अमेठी में आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में तीनों ने भाजपा के टोल फ्री नंबर डायल कर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ली। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी की मौजूदगी में तीनों विधायकों को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।

राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा- तुम चाहे जितने भी दलों को इकट्‌ठा कर अपने राजकुमार को शहंशाह बनाने की कोशिश कर लो, लेकिन उत्तर प्रदेश का सच यह है कि कांग्रेस लगातार 9 विधानसभा चुनाव हारती आ रही है। अमेठी इस बात की साक्षी है कि कांग्रेस का वह परिवार अपने दम पर इस क्षेत्र में चुनाव नहीं लड़ सकता तो अपने दम पर राष्ट्र का नेतृत्व कैसे कर सकता है।

अखिलेश यादव यूपी का अपमान कर रहे

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा- सपा के मुखिया को सत्ता के लिए इतना नहीं गिरना चाहिए। अखिलेश यादव ने पहले अपने पिता और चाचा का अपमान किया। अब उत्तर प्रदेश का अपमान कर रहे। वह कह रहे कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान यूपी के युवकों ने मारा पीटा। जनता इस बार उनको सबक सिखाएगी।

भाजपा में शामिल होने के बाद अभय सिंह ने कहा कि रामचरितमानस जलाए जाने पर सपा के विरोध न करने से मन आहत हुआ, इसलिए पार्टी छोड़ने का फैसला किया। राकेश प्रताप सिंह ने कहा- मैं भाजपा में विधायक बनने नहीं आया हूं, भाजपा का विधायक बनाने आया हूं।

सपा के 7 विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में की थी बगावत

दरअसल, फरवरी 2024 में हुए राज्यसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के 7 विधायकों मनोज पांडेय, पूजा पाल, राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह, विनोद चतुर्वेदी, राकेश पांडेय और आशुतोश मौर्य ने बगावत कर दी थी। तीनों विधायकों ने 2022 का विधानसभा चुनाव सपा के टिकट पर जीता था। लेकिन पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर भाजपा के प्रत्याशी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *