Deputy CM बोले- भाजपा ने उत्तर प्रदेश को दिया भयमुक्त समाज

Deputy CM बोले- भाजपा ने उत्तर प्रदेश को दिया भयमुक्त समाज
  • पाकिस्तान ने गड़बड़ की तो ब्रह्मोस से नेस्तनाबूद कर देंगे: ब्रजेश पाठक

Deputy CM Brajesh Pathak: जनपद के लंका मैदान में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर के उद्घाटन के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पाकिस्तान ने किसी भी तरह की गड़बड़ी की तो लखनऊ की ब्रह्मोस मिसाइल उसे नेस्तनाबूद कर देगी। उन्होंने गाजीपुर के इतिहास और यहां के लोगों के साहस का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई, 1857 की क्रांति और पड़ोसी देशों से हुए संघर्ष में जिले के वीरों ने देश का नाम रोशन किया है। यहां के युवाओं और वीरों ने हर चुनौती का डटकर मुकाबला किया है। डिप्टी सीएम ने गुंडे-माफिया को लेकर भी तल्ख तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि वे अपने पुराने दौर को याद कर लें। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को भयमुक्त समाज देने का काम किया है। उन्होंने गाजीपुर की जनता को क्षेत्र की आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द पूरी कराने का भरोसा भी दिया। लंका मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत तीन दिवसीय निशुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर का उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया।

उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर पूरे प्रदेश में लगाए जा रहे हैं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अब तक न ले पाने वाले जरूरतमंदों को योजनाओं से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि गाजीपुर के लोगों को बेहतर इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत न पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। शिविर में मरीजों की जांच कर रहे डॉक्टरों और मेडिकल टीम की भी उन्होंने सराहना की। शिविर का आयोजन भाजपा नेता अभिनव सिन्हा की ओर से किया गया है। इस अवसर पर शिविर आयोजक अभिनव सिन्हा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, जिला प्रभारी अजीत चौबे, राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, नपा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *