- मछली खाने के आरोप से आहत होकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे सिविल कोर्ट
UP News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। अजय राय का आरोप है कि अयोध्या में उनके मछली खाने को लेकर मुख्यमंत्री की ओर से लगाए गए आरोप झूठे और आपत्तिजनक हैं। इससे आहत होकर उन्होंने लखनऊ की सिविल कोर्ट में मानहानि का दावा दाखिल किया। अजय राय का कहना है कि उनके खिलाफ गलत तथ्य प्रस्तुत कर उनकी सार्वजनिक छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। इसी को आधार बनाकर उन्होंने न्यायालय का रुख किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में किसी व्यक्ति के बारे में गलत और तथ्यहीन आरोप लगाना गंभीर विषय है।
उन्होंने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से जवाब देने की बात कही है। पूरा मामला अयोध्या में अजय राय के लिए कथित तौर पर आयोजित मछली भोज के आरोपों से जुड़ा है। इस मामले पर यूपी में बीते कुछ दिनों से खूब सियासी बयानबाजी हो रही है। अजय राय के कोर्ट पहुंचने के बाद मामला कानूनी लड़ाई में तब्दील हो गया है। हालांकि अजय राय के मुकदमे दायर करने के बाद बीजेपी सरकार व सीएम योगी आदित्यनाथ की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
