-
परिवार के दर्द को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं: कपिल देव अग्रवाल
Ankit Baliyan Murder: उत्त्तर प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने शामली के बंतीखेड़ा गांव पहुंचकर दिवंगत अंकित बालियान के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अंकित बालियान की हत्या की घटना अत्यंत कष्टदायी और पूरे जनपद के लिए दुखद है। कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि करीब पांच दिन पूर्व हरियाणा से आए शार्प शूटर द्वारा अंकित बालियान की सरेआम हत्या की घटना ने सभी को झकझोर दिया। यह घटना केवल परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद, उत्तर प्रदेश और सरकार के लिए भी चुनौतीपूर्ण एवं अत्यंत दुखद थी। उन्होंने कहा कि अंकित के परिवार ने अपना बेटा खोया है। आने वाले दीपावली, होली, रक्षाबंधन सहित हर त्योहार पर परिवार को अपने बेटे की कमी हमेशा महसूस होगी। उन्होंने कहा कि जिस मां की कोख सूनी हो गई है, उस पीड़ा को शब्दों में व्यक्त कर पाना संभव नहीं है।
अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर हो रहा काम
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उत्तर प्रदेश में किसी भी अपराधी को कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अंकित बालियान की हत्या के मामले में मुख्यमंत्री ने घटना का तत्काल संज्ञान लिया और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री अग्रवाल ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा पकड़े जाते समय आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई हुई और मुठभेड़ में दोनों आरोपी घायल हुए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कानून के दायरे में कठोर कार्रवाई की जाएगी और सरकार अपराधियों को किसी भी कीमत पर संरक्षण नहीं देगी।
कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने अंकित बालियान के पिता से भी बातचीत की है। परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है और शार्प शूटरों की पहचान भी की है। उन्होंने कहा कि सरकार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने में पीछे नहीं हटेगी। यदि इस हत्याकांड के पीछे किसी बड़े षड्यंत्र का खुलासा होता है अथवा कोई अन्य व्यक्ति इसमें शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
