Lucknow News: लखनऊ में एक युवती ने अपने परिचित समेत तीन लोगों पर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, मारपीट करने, जेवर छीनने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए महानगर थाने में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी लंबे समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार दबाव बना रहे हैं।
महानगर थाना प्रभारी को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, अलीशा सिंह, पुत्री स्वर्गीय विजय कुमार, निवासी एफ-32, ब्लॉक नंबर 36, आवास विकास योजना, सिरसी पुल, अर्जुनगंज, लखनऊ ने बताया कि उसकी पहचान सनी राणा उर्फ दब्बू से थी। आरोप है कि इसी परिचय का फायदा उठाकर आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की साजिश रची।
जान से मारने की धमकी देने का आरोप
तहरीर के मुताबिक, 20 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 से 10:30 बजे सनी राणा ने फोन कर पीड़िता को गोमतीनगर बुलाया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद सनी राणा उर्फ दब्बू, नीरज गौर और इरफान ने उसे घेर लिया। तीनों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके कान से सोने की बाली छीन ली गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके कपड़े खींचकर उसे अपमानित करने का प्रयास किया और उसकी अश्लील अवस्था का वीडियो बनाने की भी कोशिश की।
शिकायत में कहा गया है कि घटना के दौरान पीड़िता ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकल सकी। इसके बावजूद आरोपी लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी वीडियो अन्य लोगों को दिखाकर उसकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और विभिन्न माध्यमों से दबाव बना रहे हैं। शिकायत में मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख किया गया है।
एफआईआर दर्ज करने की मांग
पीड़िता ने पुलिस से अपना मेडिकल परीक्षण कराने, सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा सनी राणा उर्फ दब्बू, नीरज गौर और इरफान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
(यह समाचार महानगर थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में पुलिस की जांच जारी है। आरोपियों का पक्ष सामने आना बाकी है।)
