UP: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के बाद शादी करने की सलाह दी है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ में एकेटीयू दीक्षांत समारोह में छात्र-छात्राओं से खुलकर बात करते हुए कहा कि जब तक आत्मनिर्भर न हो जाएं तब तक शादी न करें। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि वो लव मैरिज की विरोधी नहीं हैं। इस दौरान उन्होंने अपने बेटे का भी जिक्र किया। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने मां-बेटी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ”कभी कभी लड़के लड़कियां भाग जाते हैं और बच्चे को पैदा हो जाते हैं। उसे न मायके स्वीकार करता है और ना ही ससुराल वाले स्वीकार करते हैं। तो उसका मां-बाप कौन है? सरकार ही उसका मां बाप है। आप सभी का ये पराक्रम हैं। ये पराक्रम मत कीजिए।”
‘मैंने बेटे से कहा था बेंगलुरु की कोई बेटी पसंद हो तो बता देना‘
उत्तर प्रदेश की गवर्नर ने अपने बेटे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ”मैंने अपने बेटे को बेंगलुरु में पढ़ने के लिए भेजा था। मैंने उसको ये कहा कि बेंगलुरु की कोई बेटी पसंद है तो बता देना। मैं वहां पर शादी करवा दूंगी, लेकिन उसने पसंद ही नहीं किया। वहां से पढ़कर वापस आया और कहा कि मां आप देखिए।” उन्होंने कहा, ”अगर आपने किसी को पसंद किया है और दोनों का प्रेम एक दूसरे के साथ है तो जब तक आत्मनिर्भर न हो जाएं तब तक शादी न करें। ये आप सभी का संकल्प होना चाहिए। मैं लव मैरिज का विरोध नहीं करती हूं लेकिन जो महिलाओं और बेटियों की दशा हो रही है, एक इधर तो एक और दूसरी जेल में। क्या मिला? पढ़ाई गई, जिम्मेदारी आई? राज्यपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि ऐसी बेटियों को 8 जगहों पर यूनिवर्सिटी ने एडॉप्ट किया है। इसमें सिद्धीखेड़ा, एकेटीयू यूनिवर्सिटी के अध्यापक और वहां पढ़ने वाले स्टूडेंट, वो सब उनको पढ़ा रहे हैं।
छात्राओं के स्वास्थ्य पर जोर
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ में स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी में आयोजित मां-बेटी सम्मेलन के दौरान छात्राओं के स्वास्थ्य, प्रजनन स्वास्थ्य और मातृ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर बल दिया। दीक्षांत समारोह में 62,537 स्टूडेंट को उपाधियां और 84 पदक प्रदान किए। इसके साथ ही इस दौरान 340 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए आंगनबाड़ी किट वितरित की गईं।
