Lucknow: स्वर्ण जयंती पर हरबिलास में स्वास्थ्य महाअभियान, 07 से 14 जुलाई तक नि:शुल्क मेगा हेल्थ कैंप

Lucknow: स्वर्ण जयंती पर हरबिलास में स्वास्थ्य महाअभियान, 07 से 14 जुलाई तक नि:शुल्क मेगा हेल्थ कैंप
  • 07 दिन तक मुफ्त इलाज, जांच और टीकाकरण, बच्चों-महिलाओं के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर रहेंगे उपलब्ध

Lucknow: राजधानी के चारबाग स्थित हरबिलास बाल एवं महिला चिकित्सालय अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर आम जनता को बड़ा उपहार देने जा रहा है। अस्पताल के स्वर्ण जयंती वर्ष और संस्थापक श्रद्धेय चन्द्रभानु गुप्ता की 125वीं जयंती के अवसर पर 7 से 14 जुलाई 2026 तक नि:शुल्क मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बच्चों, किशोरियों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की मुफ्त ओपीडी, स्वास्थ्य जांच, परामर्श और टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

करीब पांच दशक से बच्चों और महिलाओं की स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी अलग पहचान बना चुके इस अस्पताल में पूरे सप्ताह अलग-अलग विशेषज्ञों की सेवाएं मिलेंगी। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि इस शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराना है।

हर दिन मिलेगी नई विशेषज्ञ सेवा

स्वास्थ्य शिविर को इस तरह तैयार किया गया है कि सप्ताह के हर दिन अलग-अलग विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ मिल सके।

  • 7 जुलाई: किशोरियों और महिलाओं के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञों का परामर्श, डाइट काउंसिलिंग, ब्लड प्रेशर और हीमोग्लोबिन जांच।

  • 8 जुलाई: बच्चों की सुनने की क्षमता की जांच, ऑटिज्म स्क्रीनिंग और सर्जन की मुफ्त सलाह।

  • 9 जुलाई: फिजिशियन और दंत चिकित्सकों की नि:शुल्क ओपीडी।

  • 10 जुलाई: हेपेटाइटिस-बी, टायफाइड वैक्सीन और 14-15 वर्ष की बालिकाओं के लिए HPV वैक्सीन की सुविधा।

  • 11 जुलाई: फेफड़ों की कार्यक्षमता की जांच (स्पाइरोमेट्री) और मेडिकल हेल्थ एजुकेशन कार्यक्रम।

  • 13 जुलाई: मुफ्त नेत्र परीक्षण, हड्डी रोग विशेषज्ञ का परामर्श और फिजियोथेरेपी।

  • 14 जुलाई: सप्ताहभर की सभी विशेषज्ञ सेवाओं के साथ विशेष नि:शुल्क ओपीडी।

50 साल का भरोसा, हजारों परिवारों की पहली पसंद

14 जुलाई 1976 को स्थापित हरबिलास बाल एवं महिला चिकित्सालय की शुरुआत उस सोच के साथ हुई थी कि उत्तर प्रदेश में बच्चों के लिए समर्पित एक विशिष्ट अस्पताल होना चाहिए। आज यह अस्पताल केवल लखनऊ ही नहीं, बल्कि प्रदेश के कई जिलों के मरीजों को भी उपचार उपलब्ध करा रहा है। अस्पताल में 50 बेड की सुविधा है, जिसमें प्राइवेट, सेमी प्राइवेट, जनरल वार्ड, इमरजेंसी, महिला एवं प्रसूति वार्ड, लेबर रूम और पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड शामिल हैं। वर्ष 1994 में यहां महिला एवं प्रसूति रोग विभाग की शुरुआत होने के बाद महिलाओं को भी एक ही परिसर में व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं मिलने लगीं।

एक ही परिसर में मिलती हैं ये सुविधाएं

अस्पताल में बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, जनरल मेडिसिन, सर्जरी, दंत चिकित्सा, अस्थि रोग, नेत्र परीक्षण, पैथोलॉजी, टीकाकरण, फिजियोथेरेपी और फार्मेसी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। पैथोलॉजी, फिजियोथेरेपी और टीकाकरण सेवाएं रियायती दरों पर भी प्रदान की जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *