UP News: उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का सिलसिला फिर शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह कानपुर, हरदोई, बदायूं और जालौन में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। लखनऊ और बरेली में बादल छाए हुए हैं। तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने आज 37 जिलों में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 से 80 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है।
इधर, गर्मी भी असर दिखाने लगी है। बांदा सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 45.2 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले 48 घंटे की बात करें तो आंधी, तूफान और बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। राज्य में 111 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 21 मौतें प्रयागराज और 17 मौतें भदोही में हुईं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी इन मौतों पर दु:ख जताया। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये देने का ऐलान किया है।
16 मई से बढ़ेगी तपिश
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- आज से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने लगेगा। इससे प्रदेश में मौसम साफ होने लगेगा। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी पड़ेगी। 16 मई से बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में लू चलने और तपिश बढ़ने की संभावना है।
वहीं, बारिश और आंधी से फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। खासकर खीरा, ककड़ी और तरबूज जैसी सब्जी फसलें सबसे ज्यादा प्रभावित हुई हैं। सीएम योगी ने गुरुवार को कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार किसानों और जनता के साथ खड़ी है। शासन स्तर से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि जरूरतमंदों तक सहायता समय पर पहुंचे। राहत कार्यों में अफसरों की किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
आज इन जिलों में आंधी-बिजली गिरने का अलर्ट
चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं।
- अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम?
- 16 मई: आसमान साफ रहेगा और तेज धूप से गर्मी बढ़ेगी। रात में भी गर्मी का एहसास होगा। कुछ इलाकों में लू चल सकती है।
- 17 मई: पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। आंधी-बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। तेज धूप निकलने से पारे में 3 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
- 18 मई: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में तेज धूप निकलेगी। दोपहर में लू चल सकती है। हवा 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है।
- 19 मई: कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। दोपहर में लू चल सकती है।

