NEET UG Paper Leak 2026: नीट पेपर लीक (NEET Paper Leak) मामले में तीन राज्यों से अब तक 07 लोगों को पकड़ा जा चुका है। इनमें महाराष्ट्र और राजस्थान से 3-3, और हरियाणा का एक युवक शामिल है। बुधवार को महाराष्ट्र के पुणे से एक महिला और अहिल्यानगर का युवक शामिल है। पुलिस ने बताया कि महिला का नाम मनीषा वाघमारे है, जो ब्यूटीशियन है। अहिल्यानगर से धनंजय निवृत्ति लोखंडे (26) को पकड़ा है। 12 मई को नासिक से शुभम खैरनार (30) को हिरासत में लिया जा चुका है। CBI तीनों से पूछताछ कर रही है।
राजस्थान से 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें सीकर का कंसल्टेंसी संचालक राकेश मंडवरिया और लीक पेपर खरीदकर बेचने वाले दो भाई दिनेश बिवाल और मांगीलाल बिवाल शामिल हैं। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के मुताबिक, राजस्थान में करीब एक हजार कैंडिडेट तक ये पेपर पहुंचा था। SOG ने हरियाणा के गुरुग्राम से BAMS फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट यश यादव को हिरासत में लिया। इससे पूछताछ की जा रही है।
13 मई: FAIMA सुप्रीम कोर्ट पहुंचा
NEET UG 2026 परीक्षा रद्द मामले में फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की। इसमें सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में दोबारा परीक्षा कराने की मांग की गई है। FAIMA ने कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली से अब भरोसा उठ चुका है, इसलिए मौजूदा गवर्निंग बॉडी का पुनर्गठन किया जाना चाहिए।
दरअसल, NTA ने 12 मई को पेपर लीक के बाद NEET परीक्षा रद्द कर दी थी। NTA ने माना कि गड़बड़ी हुई है। एग्जाम 3 मई को हुआ था, जिसमें 22.79 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए थे।
NEET मामले में NTA के 6 फैसले
- NEET-UG की परीक्षा दोबारा होगी।
- छात्रों को फिर से एप्लाई नहीं करना होगा।
- कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।
- पहले से जमा फीस वापस की जाएगी।
- नए एडमिट कार्ड जारी करने का शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा।
- एग्जाम सेंटर नहीं बदले जाएंगे।

