UP News: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार (06 मार्च) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के स्थापना दिवस के अवसर पर तीन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर परिसर में भाजपा का झंडा फहराया और साथियों के साथ सेल्फी ली। गोरखपुर प्रेस क्लब के कार्यकारिणी के नौ सदस्यों को शपथ दिलाई। फिर डॉ. तेज प्रताप शाही कम्प्युटर लैब एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेशभर में जहां कहीं भी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा होगी, उसके ऊपर छत्र लगाया जाएगा। साथ ही सदगुरु रविदास जी और महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
'राष्ट्र प्रथम' भाव के साथ सेवा, समर्पण और राष्ट्र के नव-निर्माण की गौरवपूर्ण यात्रा के 47 वर्ष…#47YearsOfNationFirst pic.twitter.com/1D1G7U0JHy
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) April 6, 2026
14 अप्रैल को बाबा साहब की मूर्तियों के पास साफ-सफाई करेंगे बीजेपी कार्यकर्ता
सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार ने तय किया है कि 14 अप्रैल को भारत के संविधान के शिल्पी बाबा साहब की पावन जयंती पर भाजपा के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर बाबा साहब की मूर्तियों के पास एक दिन पहले साफ-सफाई करेंगे। 14 को प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। प्रतिमा जिस पार्क में होगी, उसकी बाउंड्री कराने और सौंदर्यीकरण का काम भी शुरू किया जाएगा। कार्यकर्ता इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और सेल्फी लेकर पार्टी तक पहुंचाएं।
योगी आदित्यनाथ का ऐलान इसलिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि कांग्रेस-सपा पहले कांशीराम, फिर जगजीवन राम जयंती और अब अंबेडकर जयंती मनाकर दलितों को साधने की तैयारी कर रही हैं। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश के 21% दलित वोटर बड़े गेमचेंजर हो सकते हैं।
भारत आगे बढ़ेगा तो भारत के दुश्मन उसे स्वीकार नहीं कर पाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा, हम गुलामी के चिह्नों को स्वीकार नहीं करेंगे। विरासत का अपमान नहीं होने देंगे। भाजपा ने अनेक कठिनाइयों का सामना किया है। आपातकाल का मुकाबला किया है। राजनीतिक षडयंत्रों का जवाब दिया है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश के लिए खुद को बलिदान कर दिया। जितना बड़ा संगठन होगा, उतनी ज्यादा चुनौतियां भी होंगी। भारत आगे बढ़ेगा तो भारत के दुश्मन उसे स्वीकार नहीं कर पाएंगे। दुष्प्रचार करेंगे। तमाम षडयंत्र करेंगे। इसके लिए हमें तैयार रहना होगा।
उन्होंने सफाई अभियान पर जोर दिया। कहा कि गंदगी बीमारी का कारण है। हमें साफ-सफाई का विशेष ध्यान देना होगा। इस दौरान उन्होंने इशारों-इशारों में विपक्ष पर तंज कसा। कहा- राजनीतिक गंदगी की सफाई भी जरूरी है। यह गदंगी देश और प्रदेश के लिए खतरनाक है। उसे बीमार कर देती है। इस गंदगी को साफ करने के लिए अभियान चलाना होगा।
भाजपा ने जो कहा, वो कर के दिखाया
सीएम योगी ने कहा कि हम बिना भेदभाव के काम करते हैं। न किसी की जाति देखनी है, न किसी का क्षेत्र देखना है, सबको योजना का लाभ देना है। तुष्टिकरण किसी का नहीं करना है। इस भाव से सरकार काम कर रही है। कश्मीर में धारा 370 को समाप्त कर भारत का संविधान लागू किया। अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में राम मंदिर बनाने का संकल्प लिया था, उसे भी साकार किया। जो कहा, वह करके दिखाया। भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है।
दलितों की यूपी में 66 उप जातियां, 6 प्रभावी
उत्तर प्रदेश में दलितों की कुल आबादी 20.7% (लगभग 4.14 करोड़) है। इसमें 66 उप-जातियां हैं। इसमें 6 प्रमुख उप-जातियां कुल दलित आबादी का 87% हिस्सा रखती हैं। बाकी 60 उप-जातियां बहुत छोटी और बिखरी हुई हैं।
दलितों में जाटव सबसे प्रभावशाली और एकजुट हैं। बसपा के ये कोर वोटर माने जाते हैं। गैर-जाटव दलित (पासी, कोरी, धोबी, खटिक, बाल्मिकी आदि) में बंटवारा ज्यादा है।
BJP ने 2017-2024 में गैर-जाटव को साधकर अपनी वोट बैंक बढ़ाया था। 2024 लोकसभा में गैर-जाटव कुछ हद तक इंडिया गठबंधन की ओर गए। इससे भाजपा को जहां नुकसान हुआ, वहां गठबंधन 43 सीटों के साथ नंबर एक पर रही।

