Ajay Devgn ने खरीदी Mercedes की लग्जरी वैन, इन खास फीचर्स से है लैस

Ajay Devgn ने खरीदी Mercedes की लग्जरी वैन, इन खास फीचर्स से है लैस

Ajay Devgn Luxury Van: बॉलीवुड सेलिब्रिटीज अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और महंगी कारों के लिए हमेशा चर्चा में रहते हैं. हाल ही में अजय देवगन ने अपने  कार कलेक्शन में एक शानदार और महंगी लग्जरी वैन जोड़ी है. यह वही लग्जरी गाड़ी है जिसे पिछले कुछ समय में कई सेलिब्रिटीज ने खरीदा है. अजय देवगन ने Mercedes-Benz V-Class खरीदी है, जिसकी कीमत करीब 1.6 करोड़ रुपये एक्स-शोरूम है. यह वैन खासतौर पर अपने बड़े साइज, प्रीमियम लुक और शानदार इंटीरियर के लिए जानी जाती है. इसमें बैठने वालों को बहुत ज्यादा स्पेस और आराम मिलता है, इसलिए इसे एक तरह से चलता-फिरता लग्जरी रूम भी कहा जा सकता है.

इस लग्जरी वैन में मिलते हैं हाईटेक फीचर्स

इस वैन में कई हाई-टेक और आरामदायक फीचर्स दिए गए हैं, जैसे मसाज वाली सीटें, बड़े स्क्रीन, प्रीमियम साउंड सिस्टम, 360 डिग्री कैमरा और एडवांस सेफ्टी फीचर्स.यही वजह है कि लंबे सफर या खास मौकों के लिए यह गाड़ी काफी पसंद की जा रही है. अजय देवगन पहले ऐसे एक्टर नहीं हैं, जिन्होंने ये लग्जरी वैन खरीदी हो. इससे पहले शाहरुख खान और हार्दिक पांड्या ने भी ये लग्जरी वैन खरीदी थी, जिसे हार्दिक ने अपनी गर्लफ्रेंड को गिफ्ट किया था. यानी अब यह गाड़ी बड़े-बड़े स्टार्स के बीच एक ट्रेंड बनती जा रही है. इसके एक्सटीरियर में नई यू-शेप वाली चमकदार ग्रिल, शानदार एलईडी हेडलाइट्स और 19-इंच तक के अलॉय व्हील्स मिलते हैं, जो इसे काफी प्रीमियम लुक देते हैं.

कैसा है गाड़ी का इंटीरियर?

इसका इंटीरियर भी काफी शानदार है, जिसमें लुगानो लेदर सीटें, 64 कलर वाली एंबिएंट लाइटिंग और 12.3 इंच की दो बड़ी स्क्रीन मिलती हैं. यह गाड़ी में इंफोटेनमेंट और ड्राइवर डिस्प्ले के लिए हैं. इसके अलावा गाड़ी में म्यूजिक के लिए 15-स्पीकर बर्मेस्टर साउंड सिस्टम दिया गया है. आराम के लिए सभी सीटें वेंटिलेटेड हैं और मसाज फीचर के साथ आती हैं, जिससे लंबी यात्रा भी बहुत आरामदायक हो जाती है.

सेफ्टी में कितनी आगे?

सेफ्टी और टेक्नोलॉजी के मामले में भी यह वैन काफी आगे है. इसमें 7 एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा, एक्टिव पार्किंग असिस्ट और लेवल 2 एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम मिलता है, जो ड्राइविंग को आसान और सेफ बनाता है. इसके साथ ही वैन में एयरमैटिक सस्पेंशन दिया गया है, जिससे खराब रास्तों पर भी झटका कम लगता है. अजय देवगन के पास 7 करोड़ रुपये की रोल्स-रॉयस कलिनन एसयूवी के साथ ही 3 करोड़ रुपये से महंगी मर्सिडीज-मेबैक जीएलएस600 और बीएमडब्ल्यू की लग्जरी इलेक्ट्रिक सेडान ‌‌BMW i7 जैसी गाड़ियां हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *