Akhilesh Yadav: प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीडीए को अभी से धार देना शुरू कर दिया है. सपा अध्यक्ष ने कहा कि पीडीए के उत्थान के लिए हमें ख़ुद आगे आना होगा और अपना वक्त बदलना होगा. अखिलेश यादव ने ‘पीडीए को जिताएंगे, संविधान को बचाएंगे’ का नारा दिया. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लंबी पोस्ट लिखी और पीडीए को लेकर अहम संदेश दिया. उन्होंने लिखा- ‘प्रिय पीडीए युवक-युवतियों..हर ‘पीडीए’ को जोड़े है, पीड़ा की एक डोर.. चलो चलें ‘अनुशासन से शासन’ की ओर!
‘पीडीए सरकार बनाने’ और ’संविधान बचाने’ के लिए कटिबद्ध–प्रतिबद्ध
पीडीए के संकल्पबद्ध युवाओं को हर बूथ को मजबूत करने का जो निर्देश दिया गया है, उसको लेकर उनका अभूतपूर्व उत्साह दिखाई दिया. इस बार बड़े-बुज़ुर्गों का आशीर्वाद और युवाओं का प्रयास मिलकर अपनी ‘पीडीए सरकार बनाने’ और ’संविधान बचाने’ के लिए कटिबद्ध-प्रतिबद्ध है. सच तो यही है कि जब पीडीए सरकार बनेगी, तभी संविधान बचेगा, जब संविधान बचेगा तभी अधिकार और आरक्षण बचेगा, तभी युवाओं को भेदभाव के बिना काम-कारोबार-रोज़गार के बराबर मौके मिलेंगे, नौकरी मिलेगी. वो अपने घर-परिवार के सपने पूरे कर पाएंगे और सम्मान से जीवन जी पाएंगे. इसीलिए आज से पीडीए के युवाओं का यही नया नारा है- पीडीए को जिताएंगे, संविधान को बचाएंगे!
‘सामाजिक न्याय का राज’ लाने के महा-लक्ष्य की असीम ऊर्जा से भरे उप्र के युवा इस बार भाजपा का कोई भी चुनावी घपला, चालबाज़ी, जालसाज़ी और घोटाला नहीं चलने देंगे. पीडीए प्रभारी हर भाजपाई और उनके संगी-साथियों पर पैनी नज़र रखेंगे और बाहर के राज्यों से आए नक़ली वोट डालनेवाले ‘चुनावी घुसपैठियों’ को खदेड़कर, पकड़कर, वीडियो के सबूत सहित पुलिस के हवाले करेंगे और उन्हें क़ानून से सज़ा दिलाकर ही मानेंगे. भाजपा को 2027 में देश के सबसे कठिन चुनाव का सामना करना होगा. जहाँ सतर्क, सचेत, सावधान पीडीए युवा चौकन्ने रहकर हर एक वोट पर सख़्त निगाह रखेंगे.
प्रिय पीडीए युवक-युवतियों
हर ‘पीडीए’ को जोड़े है, पीड़ा की एक डोर
चलो चलें ‘अनुशासन से शासन’ की ओर!पीडीए के संकल्पबद्ध युवाओं को हर बूथ को मजबूत करने का जो निर्देश दिया गया है, उसको लेकर उनका अभूतपूर्व उत्साह दिखाई दिया। इस बार बड़े-बुज़ुर्गों का आशीर्वाद और युवाओं का प्रयास… pic.twitter.com/D0aNG8eLpp
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) April 4, 2026
… झाँसे में नहीं आना है
याद रहे भाजपाई और उनके संगी-साथी आप सब युवाओं को उकसाएंगे, प्रतिक्रिया और प्रतिरोध करने के बाध्य करेंगे लेकिन आपको उनके झाँसे में नहीं आना है, अपना आपा, संतुलन और आत्म-नियंत्रण नहीं खोना है. हमें सोच-समझकर, सधकर, शांत होकर चलना है और अपनी युवा ऊर्जा, शक्ति और जोश को सकारात्मक रूप से हर पीड़ित से मिलकर बने ‘पीडीए समाज’ को हमेशा के लिए पीड़ा, दुख और अपमान से मुक्ति दिलाने के लिए लगा देना है.
अब युवा, महिला, किसान, मजदूर, कारोबार, परिवार व पीडीए विरोधी भाजपा की हर तरह से भ्रष्ट, जुमलाई, बेईमान सरकार निश्चित जाएगी, फिर कभी नहीं आएगी. याद रखें, पीडीए हमारे मान-सम्मान का इंक़लाब है! अपने पीडीए के उत्थान के लिए हमें ख़ुद आगे बढ़ना होना, हमें ख़ुद ही लड़ना होगा और अपना वक़्त ख़ुद ही बदलना होगा.’

