UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू, मंत्री गुलाब देवी ने दीं शुभकामनाएं

UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू, मंत्री गुलाब देवी ने दीं शुभकामनाएं

UP Board Exam 2026: उत्‍तर प्रदेश में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं बुधवार (18 फरवरी) से शुरू हो गई हैं। लखनऊ के जियामऊ स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने बोर्ड एग्जाम से पहले छात्राओं का स्वागत कर उनका मनोबल बढ़ाया। उन्‍होंने छात्राओं से कहा कि बिना किसी तनाव या परेशानी के बोर्ड परीक्षा दें। आप ही हमारा भविष्य और गौरव हैं। आप सभी आगे चलकर देश को गौरवांवित करेंगी। आज के इस शुभ अवसर के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

परीक्षा केंद्रों पर टीचरों ने बच्चों को तिलक किया। मिठाई खिलाकर मुंह मिठाया कराया। उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना दी। लखनऊ में आदर्श कारागार समेत 121 केंद्रों पर 1 लाख 3 हजार 88 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। तीन स्तर पर पहरेदारी के लिए पुलिस के अलावा सात जोनल, 11 सेक्टर और 121 स्टैटिक मजिस्ट्रेट व 121 केंद्र और इतने ही बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और 3600 कक्ष निरीक्षक लगाए गए हैं।

लखनऊ के इन केंद्रों पर तैनात हुई एक्स्ट्रा फोर्स

माल, नगराम, मलिहाबाद व काकोरी सहित करीब दर्जन भर संवेदशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। शिक्षा विभाग के छह सचल दल केंद्रों का औचक निरीक्षण कर नकलचियों पर नजर रख रहे हैं। रात में प्रत्येक केंद्र की निगरानी के लिए टीमें गठित की गई हैं।

केंद्रों पर मंगलवार शाम से ही पुलिस बल तैनात हो गया था। स्ट्रांग रूम में रखे प्रश्न पत्रों की कड़ी निगरानी की जा रही है। सचल दल परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर स्ट्रांग रूम समेत अन्य व्यवस्थाएं परख रहा है।

बाहरी लोगों के प्रवेश पर पाबंदी

राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में बने कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों की हर गतिविधि की लाइव निगरानी हो रही है। DIOS राकेश कुमार ने मंगलवार को सभी केंद्र व्यवस्थापकों को नकल अध्यादेश के तहत सुचिता और पारदर्शिता के साथ नकलविहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए थे। परीक्षा के दौरान बाहरी लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित है। DIOS ने बताया कि सभी केंद्रों पर बच्चों के बैठने से लेकर शौचालय, रोल नम्बर चस्पा करने से लेकर परीक्षाओं से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों व कक्ष निरीक्षकों को रिजर्व में रखा गया है। किसी अधिकारी के अनुपस्थित होने ये तैनात होंगे। परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्र, स्टेशनरी आदि जरूरी सामग्री मुहैया कराई जा चुकी है। प्रश्न पत्र स्ट्रांग रूम में रखी डबल लॉक अलमारी में रखे गए हैं। परीक्षा के दौरान परीक्षा कक्ष के सीसीटीवी कैमरे संचालित हैं। सबकी रिकॉर्डिंग हो रही है। सचल दल ने रात में परीक्षा केन्द्रों का जायजा लेकर तैयारियों को परखा था।

निगरानी में रहेंगे प्रश्नपत्र

DIOS ने केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि स्टैटिक मजिस्ट्रेट और वाह्य केन्द्र व्यवस्थापक की मौजूदगी में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में स्ट्रांग रूम में रखी अलमारी खोली गई। अलमारी से विषय वार प्रश्न पत्र निकाले गए। इन्हें अलमारी खोलने व बंद करने का समय और तारीख भी रजिस्टर में दर्ज करनी होगी।

12 मार्च तक चलने वाली इन बोर्ड परीक्षाओं में हाईस्कूल के 27 लाख 61 हजार 696 और इंटरमीडिएट के 25 लाख 76 हजार 82 स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन हैं। प्रदेश में कुल 8033 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 596 राजकीय, 3453 अशासकीय सहायता प्राप्त और 3984 स्ववित्त पोषित विद्यालय शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *