CM Yogi: सपा-कांग्रेस में शह और मात देने की राजनीति, राहुल एक नाकाम रॉकेट

CM Yogi: सपा-कांग्रेस में शह और मात देने की राजनीति, राहुल एक नाकाम रॉकेट

CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले ये दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही ये विफल हो चुके हैं। गठबंधन की राजनीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बैठकें हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। इससे बड़ा अपमान क्या होगा? मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति चल रही है।

देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस की ऐसी स्थिति उसकी नकारात्मक सोच का परिणाम है। जनता बार-बार इन दलों को खारिज कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ में आयोजित एक निजी न्यूज चैनल के शिखर सम्मेलन में संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की बदली तस्वीर, कानून-व्यवस्था, निवेश, रोजगार, विपक्ष की राजनीति, गठबंधन, आगामी चुनाव और अपनी राजनीतिक विचारधारा से जुड़े सवालों पर बेबाकी से जवाब दिए।

सपा–कांग्रेस के गठबंधन पर तंज, एनडीए में कोई विवाद नहीं

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन के अपने धर्म, नियम, मान्यताएं और शिष्टाचार होते हैं। लेकिन दोनों दलों के बीच जिस तरह की स्थिति दिखाई दे रही है, वह उनके आपसी तालमेल पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कटाक्ष किया कि इनकी स्थिति ऐसी हो गई है कि एक तरफ अपमानित हो रहे हैं और दूसरी तरफ उसी को सामान्य बताने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, एनडीए में सीटों के बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच कथित मतभेदों पर उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल एनडीए का हिस्सा हैं। सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन में किसी तरह का विवाद नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के लोग एनडीए की एकजुटता को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

राम भक्तों से समाजवादी पार्टी को माफी मांगनी चाहिए

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और समाजवादी पार्टी की सनातन के प्रति बदली राजनीतिक भाषा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दो नावों की सवारी हमेशा खतरनाक होती है। उन्होंने कहा कि अयोध्या जाना अच्छी बात है, लेकिन समाजवादी पार्टी को रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। यदि 90 के दशक में ही यह सद्बुद्धि आ गई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत नहीं आती। मुख्यमंत्री ने कहा कि माफी मांगने से कोई व्यक्ति छोटा नहीं होता। उन्होंने अपने राजनीतिक आधार को स्पष्ट करते हुए कहा कि भाजपा का वोट बैंक हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है, जो भारत के संविधान और देश की विरासत में विश्वास करता है। भाजपा की राजनीति किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं है। पार्टी सबका साथ, सबका विकास और सबका सम्मान के सिद्धांत पर काम करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *