PM Kisan Samman Niddhi: देश के किसानों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बड़ी राहत दी। उन्होंने किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की है। गुजरात के बनासकांठा में पीएम ने कहा कि यहां का आलू दुनियाभर में मशहूर है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, बनासकांठा में आकर कोई नहीं कहता कि आलू से सोना बनाएंगे, क्योंकि यहां के लोग पहले ही आलू से सोना बना रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की सभा में किसानों के बैठने के लिए कुर्सियों की जगह चारपाइयां बिछाई गई थीं। इस पर उन्होंने कहा कि देश के लोगों के लिए यह अजूबा होगा कि एक सभा में सभी लोग चारपाई पर बैठे हैं। बनासकांठा के लोगों ने गांवों की इस पुरानी परंपरा को जिंदा रखा है। अगर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड वालों को बुलाया होता तो यह रिकॉर्ड में दर्ज हो जाता।
₹14 हजार करोड़ से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन–शिलान्यास
इस दौरान पीएम ने किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत 9.34 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों को ₹18,690 करोड़ से अधिक की रकम मिलेगी। उन्होंने ₹14 हजार करोड़ से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही दो नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई।
पीएम मोदी के भाषण की 5 बड़ी बातें
- 25 साल पहले यहां बिजली पानी की समस्या थी। मैं कहता था हमें बिजली पानी बचाना होगा। लोग विरोध करते थे मोदी कौन होता है जो ये बोलता है। मैं आपसे लड़ता रहा और देखिए हम कहां पहुंच गए। मैं आज फिर से कहूंगा पानी बिजली बचाना है।
- हम चाहते हैं कि किसानों की गोबर से भी कमाई बढ़े। गोबर और खेती के अवशेषों से बायोगैस बायो सीएनजी और जैविक खाद बनाने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर भी बढ़े।
- हमने मुफ्त टीकाकरण शुरू किया। 8 करोड़ से ज्यादा किसानों के पशुओं को मुफ्त टीके लगे हैं। इससे उनका पैसा बचा है। इससे दूध उत्पादन बढ़ा है। 2013-14 में एक गाय-भैंस से 5 लीटर से भी कम दूध मिलता था। आज वह बढ़कर 8 लीटर हो गया है।
- कृषि बजट 2013-14 की तुलना में 5 गुना हो गया है। आज 10 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ की राशि भेजी गई है। गुजरात के 50 लाख से ज्यादा किसानों को भी इसका लाभ मिला है। इनके खातों में 1 हजार करोड़ रुपए जमा हुए हैं। बनासकांठा के किसानों के खातों में 50 करोड़ पहुंचे हैं।
- 25 साल में मैं पहली बार बनासकांठा आया हूं। 2001 में मुख्यमंत्री बनने के बाद मेरा मुख्यमंत्री के रूप में पहला सार्वजनिक कार्यक्रम, 93 लाख लोग आए थे। वो बनासकांठा में हुआ था।
पीएम नरेंद्र मोदी दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं। शनिवार को वह एकता नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे।
