Bareilly News: श्रीराम मूर्ति स्मारक (SRMS) ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित दो दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव जेस्ट-2026 ‘नवरंग’ का शुभारंभ 30 और 31 अक्टूबर को होगा। इस प्रतिष्ठित महोत्सव में एसआरएमएस ट्रस्ट के लखनऊ, उन्नाव और बरेली स्थित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के 5000 से अधिक विद्यार्थी 20 से ज्यादा प्रतियोगिताओं और एल्युमनाई मीट में हिस्सा लेंगे। महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन शुक्रवार सुबह 10 बजे संस्थान के संस्थापक एवं चेयरमैन देव मूर्ति द्वारा किया जाएगा।
श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एसआरएमएस सीईटी) के प्रिंसिपल डॉ. प्रभाकर गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 1996 में स्थापित इस संस्थान में 1998 से लगातार सांस्कृतिक महोत्सव ‘जेस्ट’ का आयोजन किया जा रहा है (केवल कर्फ्यू और कोविड महामारी के दो वर्षों को छोड़कर)। इस वर्ष 26वें वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘नवरंग’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बीटेक, बीफार्मा, एमसीए, एमबीए, एमबीबीएस, पैरामेडिकल, नर्सिंग, एलएलबी, बीबीए और बीसीए समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राएं अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

दो दिनों तक चलेंगे रंगारंग कार्यक्रम
पहला दिन (शुक्रवार, 30 अक्टूबर): सुबह 10 बजे चेयरमैन देव मूर्ति द्वारा उद्घाटन के बाद सांस्कृतिक स्पर्धाओं का आरंभ होगा। पहले दिन आर्ट गैलरी, मीम, मल्टी सीन, टर्न कोट, टी-शर्ट पेंटिंग, सोलो व डुएट डांस, बैटल ऑफ बैंड्स, ग्रुप डांस और एल्युमनाई मीट का आयोजन किया जाएगा।
दूसरा दिन (शनिवार, 31 अक्टूबर): सुबह 9 बजे स्केचिंग के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद फेस पेंटिंग, रंगोली, मोनो एक्ट, सोलो व डुएट सिंगिंग, इंस्ट्रूमेंटल, पोएट्री, मॉक पार्लियामेंट, स्ट्रीट प्ले और रेनेसां जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। महोत्सव का समापन शनिवार शाम को पुरस्कार वितरण और संस्थान के विद्यार्थियों के विशेष ‘बैंड नाइट’ (स्टेलर नाइट) के साथ होगा।
