- – मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में हुआ लोकार्पण
Lucknow: लखनऊ नगर निगम की उपवन योजना के अंतर्गत जोन-04 के भरवारा-मल्हौर वार्ड स्थित ग्राम भैंसोरा में नवविकसित नंदन वन का गुरुवार को लोकार्पण किया गया। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री एवं लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के मुख्य आतिथ्य तथा महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में नंदन वन को जनता को समर्पित किया गया। गाटा संख्या 63 पर 6,400 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित इस उपवन में 4,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में मियावाकी पद्धति से विभिन्न प्रजातियों के 14,000 पौधों का रोपण किया गया है। नगर विकास विभाग की उपवन योजना के अंतर्गत विकसित यह पार्क क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मंत्री ने कहा, मैं बधाई दूंगा अपनी मेयर साहब को, अपने नगर आयुक्त जी को। उन्होंने आगे कहा कि उपवन और पार्कों का लगातार निर्माण तथा विशेष रूप से 14,000 पौधों का रोपण न केवल इस क्षेत्र, बल्कि पूरे लखनऊ के लिए बहुत बड़ा और लाभदायक कदम है। उन्होंने कहा कि जितनी अधिक हरियाली बढ़ेगी, उतना ही स्वास्थ्य बेहतर होगा और शहर भी देखने में सुंदर लगेगा। उन्होंने वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में होने वाली वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि दीपावली का मौसम आने वाला है। ऐसे समय में वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़ सकता है, इसलिए प्रदूषण के प्रभाव को कम करने के लिए हरियाली बढ़ाने जैसे कदम उठाना हमारी जिम्मेदारी है। इस प्रकार के प्रयासों को प्रोत्साहित भी किया जाना चाहिए।
उपवन में आधुनिक सुविधाओं का विकास
नंदन वन में चारों ओर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया है। इसके अतिरिक्त नागरिकों के भ्रमण के लिए लॉन, पौधरोपण, हेज, बच्चों के खेलने के लिए झूले और लोगों के बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था की गई है। पार्क में गार्ड रूम, टॉयलेट ब्लॉक, सबमर्सिबल पंप, विद्युत साज-सज्जा और व्यायाम के लिए ओपन जिम भी विकसित किया गया है। पार्क में कराए गए औद्यानिक कार्यों का तीन वर्ष तक अनुरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे पौधों और हरित क्षेत्र की उचित देखभाल हो सके। ग्राम भैंसोरा के आसपास हरित क्षेत्र और बच्चों के खेलने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण यह उपवन स्थानीय निवासियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगा। इससे क्षेत्र के लगभग 5,000 लोगों को लाभ मिलेगा। नागरिकों को सुबह-शाम टहलने, व्यायाम करने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
