UP News: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से हवाओं का रुख बदलने वाला है। शुक्रवार (28 नवंबर) से पछुआ हवाओं के असर से गिर रहे पारे पर एक बार फिर लगाम लगने वाली है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में एक के बाद एक लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इसके असर से शुक्रवार से प्रदेश में कहीं दक्षिण-पश्चिमी तो कहीं पुरवाई मिश्रित हवाएं चलेंगी। साथ ही आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही दिखेगी और अगले तीन दिनों में दिन व रात के पारे में लगभग 2 डिग्री की बढ़त आएगी। तीन दिन प्रदेश में घने कोहरे से राहत रहेगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा की दिशा बदलने और बादल छाए रहने के कारण प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। अगले 2–3 दिनों में तापमान लगभग 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।
लखनऊ में फिर से बदलेगा मौसम
लखनऊ के मौसम में एक बार फिर से बदलाव की आहट है। बीते कुछ दिनों से यहां चल रही ठंडी पछुआ हवाओं का रुख शुक्रवार को बदल जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में एक के बाद एक लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। ऐसे में पुरवाई व मिश्रित हवाओं के असर से शुक्रवार को लखनऊ में आंशिक बादल नजर आ सकते हैं। अगले तीन दिन तक दिन व रात के पारे में क्रमिक तौर पर 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़त की भी हो सकती है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि शुक्रवार को लखनऊ में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा की दिशा बदलने और बादल छाने के आसार हैं। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री की बढ़त के साथ 27.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री की बढ़त के साथ 11.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

