UP News: चाइनीज मांझे के कारण हो रहीं मौतों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से पूछा है कि बैन के बाद भी बाजार में मांझा कैसे बिक रहा है। इस पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अब चाइनीज मांझे से मौत होने को हत्या माना जाएगा। पुलिस प्रमुखों को जिलेवार छापेमारी करने के निर्देश दिए।
मांझे से मौत की बात करें तो बुधवार को लखनऊ में MR का गला कट गया था। इनकी तड़प-तड़कर मौत हो गई थी। पिछले एक साल में ऐसे आठ मामले सामने आ चुके हैं।
मुख्यमंत्री बोले- आरोपी पर दर्ज होगा हत्या का केस
सीएम योगी ने कहा कि अब अगर चाइनीज मांझे से किसी की जान जाती है तो हत्या का केस दर्ज कर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। चाइनीज मांझे की जब्ती के लिए पूरे प्रदेश में यूपी पुलिस सघनता से अभियान चलाएगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में चीनी मांझे के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में पुलिस अधिकारियों को पूरे राज्य में छापेमारी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि चीनी मांझे से होने वाली मौतों को हत्या माना जाएगा। पूरे राज्य…
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 5, 2026
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। योगी ने पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिया कि इस अवैध नेटवर्क की पहचान करें। तत्काल छापेमारी कर दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें।
यूपी में बैन है चाइनीज मांझा
प्रदेश में चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इसके बाद भी इसकी बिक्री हो रही है। भारत में सामान्य धागे से पतंग की डोर तैयार होती है, लेकिन चीन में नायलॉन के साथ मेटलिक पाउडर का उपयोग होता है। इसमें कांच और लोहे के चूरे को भी मिलाया जाता है ताकि धार और तेज हो। नायलॉन के धागे के कारण पेच लड़ने पर खिंचाव बढ़ता है और चाइनीज मांझा कटता नहीं है। कांच और लोहे का चूर्ण मिला यह मांझा गला रेतने के लिए पर्याप्त होता है।
एक साल में चाइनीज मांझे से गईं इतनी जानें
लखनऊ (11 दिसंबर 2025): बाइक से अपने घर जा रहे युवक की गर्दन कट गई थी। डॉक्टरों ने गले में सात टांके लगाकर युवक की जान बचाई थी।
जौनपुर (10 दिसंबर 2025): बेटे को स्कूल छोड़कर बाइक से लौट रहे कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर संदीप तिवारी की मौत हो गई थी। उनका गला कट गया था।
शाहजहांपुर (23 अक्टूबर 2025): थाना कांट क्षेत्र के नगला जाजू निवासी 26 वर्षीय रवि शर्मा पत्नी के साथ ससुराल जा रहे थे। रोजा के हांडा पुल के पास चाइनीज मांझा गर्दन में लगा। मौके पर गंभीर चोट, अस्पताल में मौत हुई।
अलीगढ़ (30 सितंबर 2025): 28 साल के सलमान स्कूटर से दुकान जा रहे थे। जमालपुर पुल पर चाइनीज मांझा गर्दन में उलझा, गहरा कट लगा। अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गोरखपुर (29 जुलाई 2025): अमित गुप्ता मां के साथ बाइक से धर्मशाला जा रहे थे। सूरजकुंड पुल पर मांझा गर्दन में फंसा, चार नसें कट गईं। हेलमेट होने के बावजूद गंभीर चोटें आईं। लंबा ऑपरेशन हुआ, जान बच गई।
शाहजहांपुर (11 जनवरी 2025): ड्यूटी पर जा रहे कांस्टेबल शाहरुख हसन चाइनीज मांझे की चपेट में आए। गर्दन पर तेज कट लगा, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

