UP News: उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक (UPGB) ने शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के लिए शिक्षक विशेष ‘यूपीजीबी सैलरी पैकेज’ की घोषणा की है। लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बैंक ने शिक्षकों को बड़ा आर्थिक लाभ व पूर्ण वित्तीय सुरक्षा देने वाली इस विशेष योजना का अनावरण किया। प्रबंधन ने बताया कि यह पैकेज बीते एक माह में चले शिक्षक संवाद में मिले सुझावों पर आधारित है।
क्षेत्रीय प्रबंधक कौशल किशोर ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माता बताते हुए कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल सैलरी अकाउंट पाना नहीं, बल्कि दीर्घकालिक संबंध बनाना है। शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष श्री सुधांशु मोहन ने इसे अन्य बैंकों की तुलना में शिक्षकों के लिए सबसे लाभदायक बताया।
शिक्षकों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उप क्षेत्रीय प्रबंधक अखिलेश उपाध्याय, मुख्य प्रबंधक अभय कुमार सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक शशि सिंह, मोहम्मद रऊफ, शिक्षक अजय सिंह व शाखा प्रबंधक निराजन आनंद उपस्थित रहे। 4300 से अधिक शाखाओं वाला यूपीजीबी 8 करोड़ से अधिक ग्राहकों को सेवाएं दे रहा है।
शिक्षक विशेष यूपीजीबी सैलरी पैकेज के मुख्य आकर्षण
1.10 करोड़ तक का दुर्घटना सह विकलांगता बीमा: पूरी तरह से मुफ्त प्रदान किया जाएगा।
10 लाख का मुफ्त जीवन बीमा: शिक्षकों के परिजनों के लिए निशुल्क लाइफ कवर।
शून्य प्रोसेसिंग व लॉकर शुल्क: होम, कार व पर्सनल लोन पर प्रोसेसिंग फीस और लॉकर शुल्क बिल्कुल माफ।
एजुकेशन लोन में छूट: शिक्षा ऋण पर 0.25% अतिरिक्त ब्याज की छूट मिलेगी।
मुफ्त बैंकिंग सेवाएं: एनईएफटी, आरटीजीएस, एसएमएस अलर्ट, चेकबुक और डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) जैसी सुविधाएं बिल्कुल फ्री।
