UP Weather: प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत हैं। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान इन इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार आगरा और आसपास के जिलों सहित बुंदेलखंड क्षेत्र में हल्की वर्षा के आसार हैं। हालांकि, प्रदेश के शेष हिस्सों में मौसम में कोई विशेष परिवर्तन नहीं दिखेगा। फिलहाल ठंड का प्रभाव और कम होगा, जबकि दिन में गर्माहट बढ़ती रहेगी।
फरवरी में मार्च सी तपिश, विक्षोभ से बढ़ेगी रात की गर्मी
राजधानी में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिन में तेज धूप अब चुभन पैदा करने लगी है और फरवरी के मध्य में ही मार्च जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने लोगों को समय से पहले ही गर्मी की आहट महसूस करा दी है। इसी बीच नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार को आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने साफ किया है कि बूंदाबांदी की कोई संभावना नहीं है। बादलों की हल्की मौजूदगी के बावजूद मौसम शुष्क ही बना रहेगा। अगले दो दिनों में रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि के संकेत हैं। विक्षोभ के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि किसी बड़े मौसमीय बदलाव की फिलहाल संभावना नहीं है।

