UP Weather: हवा में घुली ठंड, 29 से 31 तक दिखेगा चक्रवात मोंथा का असर

UP Weather: कई जिलों में बारिश के आसार, ओलावृष्टि भी भी सम्भावना

UP Weather: उत्तर प्रदेश में अक्टूबर का आखिरी हफ्ता मौसमी उतार-चढ़ाव और चक्रवात मोंथा के असर में गुजरने वाला है। मौसम विभाग का कहना है कि अरब सागर से आ रही नमी और बंगाल की खाड़ी में बन रहे वेदर सिस्टम के चलते बादलों की सक्रियता बढ़ी है। इसके असर से अगले दो दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। इधर लखनऊ सहित कई जिलों में देर रात से बारिश हो रही है।

सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादलों की आवाजाही, पारे में गिरावट और बुंदेलखंड के झांसी, ललितपुर आदि में बूंदाबांदी देखने को मिली। मौसम को देखते हुए किसानों ने धान फसल की कटाई जोर-शोर से शुरू कर दी है। किसानों को डर है कि खेत में तैयार खड़ी धान की फसल पर पानी पड़ा तो नुकसान होगा।

29 से 31 तक दिखेगा चक्रवात मोंथा का असर

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना गहन अवदाब तेजी से प्रबल होकर गंभीर चक्रवाती तूफान मोंथा में बदल रहा है। उत्तर- पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए यह आंध्र प्रदेश तट के काकीनाडा के आसपास 28 अक्टूबर की शाम या रात के समय प्रचंड चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंच सकता है। मोंथा चक्रवात का सबसे ज्यादा असर यूपी और बिहार में दिखेगा। 29 से 31 अक्टूबर के बीच बिहार से सटे पूर्वांचल के कई जिलों और बुंदेलखंड आदि में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। 30 अक्टूबर को वाराणसी आदि में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

हवा में घुली ठंड

राजधानी में रविवार रात के बाद से मौसम ने पूरी तरह से करवट ली है। सोमवार सुबह हल्के कोहरे और बादलों के साथ सुबह की शुरूआत हुई। दोपहर में शहर के अधिकतर इलाकों में बूंदाबांदी देखने को मिली। दिन भर छाई बदली और फुहारों के असर से अधिकतम तापमान पर पारे ने गोता लगाया। महज 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री की गिरावट के साथ 28 डिग्री पर आ गया।

मौसम में इस बदलाव का असर शहर की हवा में साफ महसूस हुआ। दिन ढलने के बाद हवा में ठंड साफ महसूस हुई। सुबह में ही लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। शाम में भी अच्छी ठंड महसूस हुई जिसकी वजह से लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़े। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी शहर में बूंदाबांदी के साथ तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *