UP Weather: उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। प्रदेश में चल रही गलन भरी पछुआ लोगों की ठिठुरन बढ़ा रही है, तो वहीं तराई के इलाकों में घने कोहरे की वजह से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल दो-तीन दिनों तक रात में पारे का गिरना और तराई इलाकों में सुबह शाम कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि प्रदेश में बुधवार से विक्षोभ का असर खत्म हो जाएगा और अच्छी धूप खिलेगी। ठंडी पछुआ के असर से प्रदेश में अगले दो दिनों में रात के पारे में 2 डिग्री तक की गिरावट के आसार हैं। वहीं धूप खिलने से दिन के पारे में मामूली बढ़त आ सकती है।
ठंडी हवा पर भारी पड़ी तीखी धूप
राजधानी में मंगलवार को रूखी पछुआ हवाएं चलीं। इन हवाओं के असर से सुबह और शाम में ठंड और गलन रही, लेकिन दिन में तीखी धूप ने ठंड को हावी नहीं होने दिया। सुबह-शाम धुंध और कोहरे का असर भी देखने को मिला। मौसम विभाग का कहना है कि ठंडी पछुआ के असर से आने वाले दो-तीन दिन में रात के तापमान में गिरावट आने की संकेत हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि ठंडी पछुआ के असर से अब ठंड में धीमे-धीमे इजाफा होगा।

