UP: गैस किल्लत के चलते पुलिस सुरक्षा में बंट रहे सिलेंडर, लोग बोले- एक हफ्ते से काट रहे चक्कर

UP: गैस किल्लत के चलते पुलिस सुरक्षा में बंट रहे सिलेंडर, लोग बोले- एक हफ्ते से काट रहे चक्कर

UP News: अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी जंग के कारण रसोई गैस (LPG) की किल्लत बढ़ रही है। उत्‍तर प्रदेश में बुकिंग के 4 से 5 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। दूसरे दिन भी गैस एजेंसियों के बाहर लाइनें लगने लगी हैं। गोरखपुर और सिद्धार्थनगर में पुलिस सुरक्षा में सिलेंडर बांटे जा रहे हैं। एजेंसियों पर तड़के 3 बजे से ही लोग लाइन लगाने पहुंच रहे हैं। लोग घंटों इंतजार कर रहे, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। वजह- सिलेंडर कम हैं और लेने वालों की संख्या ज्यादा।

उन्नाव में अपनी बारी का इंतजार कर रहे अमन दीक्षित ने कहा कि सिलेंडर किसी को नहीं दिया जा रहा। लोगों को भगाया जा रहा है। हमने बुकिंग की थी, फिर भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। एजेंसी की ओर से OTP आने का इंतजार करने को कहा जाता है, लेकिन जब पर्ची कटवाने जाते हैं, तो कभी पर्ची खत्म होने तो कभी सिलेंडर खत्म होने की बात कह दी जाती है। एक हफ्ते से एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं।

गैस सिलेंडरों की डिलीवरी पर अघोषित रोक

हालांकि, अफसरों का कहना है कि परेशान होने की जरूरत नहीं है। पर्याप्त कोटा उपलब्ध है। गैस कंपनियों ने भी ग्राहकों को मैसेज भेजकर गैस की किल्लत की खबरों से इनकार किया है। उनका कहना है कि ईंधन की कमी के दावे भ्रामक और निराधार हैं। इधर, तेल कंपनियों ने घटते स्टॉक के चलते कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की डिलीवरी पर अघोषित रोक लगा दी है। एजेंसियों को फिलहाल सिर्फ घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई पर फोकस करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों पर पड़ रहा है। उन्हें कॉमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।

उत्‍तर प्रदेश में 4.26 करोड़ घरेलू एलपीजी कनेक्शन हैं। इनमें उज्ज्वला योजना के तहत 1.87 करोड़ कनेक्शन शामिल हैं। प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 5-6 लाख सिलेंडरों की खपत होती है।

बुलंदशहर में लोग बोले– न ऑनलाइन बुकिंग, न ही ऑफलाइन बुकिंग हो रही

बुलंदशहर में गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर मारामारी शुरू हो गई है। चांदपुर गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी हुई है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि न तो ऑनलाइन बुकिंग हो रही है और न ही ऑफलाइन बुकिंग हो पा रही है। हालांकि, गैस एजेंसियों का कहना है कि जिले में ऊपर से गैस आपूर्ति कम आ रही है, लेकिन किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।

उन्नाव में युवक बोला– एक हफ्ते से एजेंसी के चक्कर काट रहे

उन्नाव में गैस एजेंसी के बाहर लाइन में लगे अमन दीक्षित ने बताया कि गैस की ऑनलाइन बुकिंग पहले ही कर दी गई है, फिर भी सिलेंडर नहीं मिल रहा है। एजेंसी की ओर से OTP आने का इंतजार करने को कहा जाता है, लेकिन जब पर्ची कटवाने जाते हैं तो कभी पर्ची खत्म होने तो कभी सिलेंडर खत्म होने की बात कह दी जाती है। एक हफ्ते से एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं।

सिद्धार्थनगर में एजेंसियों के बाहर भीड़, SDM बोले- किल्लत नहीं होने देंगे

सिद्धार्थनगर में गैस एजेंसियों पर लोगों की भीड़ है। सुबह से ही लोग सिलेंडर लेने के लिए पहुंच जाते हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ लोग निजी गोदामों में सिलेंडर छिपाकर जरूरतमंद लोगों को ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं।

वहीं, एसडीएम डुमरियागंज राजेश कुमार ने बताया कि इस दिशा में प्रशासन अपना काम कर रहा है। एजेंसियों पर गैस सिलेंडर की कमी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरा प्रयास कर रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रसोई गैस की किल्लत नहीं होने दी जाएगी।

मऊ में एजेंसी के बाहर 300 मीटर लंबी लाइन

मऊ के रतनपुरा में गैस सिलेंडर के लिए एजेंसियों के बाहर 300 मीटर लंबी लाइनें लगी हैं। लोग अपने-अपने गैस सिलेंडर रखकर उन पर बैठे हुए हैं। लोगों का कहना है कि वे कई घंटों से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सिलेंडर मिलने की उम्मीद नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *