इंतजार खत्म! अप्रैल में Lucknow Kanpur Expressway पर फर्राटा भरने लगेंगे वाहन

इंतजार खत्म! अप्रैल में Lucknow Kanpur Expressway पर फर्राटा भरने लगेंगे वाहन

Lucknow Kanpur Expressway: यूपी की राजधानी को जल्द ही बेहतर कनेक्टिविटी और नई विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। शुक्रवार को ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे चरण के लोकार्पण के दौरान रक्षा मंत्री और लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अप्रैल की शुरुआत तक लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का संचालन शुरू हो जाएगा, जिसके बाद लखनऊ से कानपुर तक का सफर महज 35 से 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच आवागमन तेज और आसान होगा। इसके साथ ही किसान पथ के सर्विस रोड प्रोजेक्ट का काम भी जल्द पूरा होने जा रहा है, जिससे राजधानी की यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी।

कई नई सड़क परियोजनाओं पर भी काम

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि बाराबंकी से बहराइच तक अपग्रेडेशन रोड परियोजना भी जल्द शुरू होगी। यह करीब 100 किलोमीटर लंबी चार लेन सड़क होगी, जिससे लखनऊ से बहराइच की दूरी लगभग सवा घंटे में तय की जा सकेगी। इसके अलावा लखनऊ से सुल्तानपुर और वाराणसी तक हाई स्पीड कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। वहीं हरदोई और सीतापुर को भी बेहतर सड़क नेटवर्क के जरिए जोड़ा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शहर के कई पार्कों में जिम की व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *