BLO’s Death in UP: उत्तर प्रदेश में SIR के काम के प्रेशर में कई बीएलओ की जान चली गई है, जबकि कई ने सुसाइड की कोशिश की या धमकी दी। ऐसी ही घटनाएं मेरठ, हाथरस, कानपुर और बुलंदशहर से सामने आई हैं।
मेरठ में BLO ने खाया जहर
मेरठ में मंगलवार देर रात बीएलओ मोहित चौधरी ने जहर खा लिया। परिवार वालों का कहना है कि वो काम के अधिक दबाव से परेशान थे। उसे गंभीर हालत में गढ़ रोड स्थित लोकप्रिय अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है, जहां हालत नाजुक बनी है। मुंडाली के मुरलीपुरा गांव निवासी मोहित सिंचाई विभाग में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं। वह पल्लवपुरम में BLO का काम भी संभाल रहे हैं।
मोहित की पत्नी ने बताया कि सुपरवाइजर मोहित को बार-बार फोन कर परेशान कर रहे हैं। सस्पेंड कराने की धमकी दे रहे हैं।
हाथरस में टीचर बीएलओ की मौत
हाथरस जिले में SIR ड्यूटी में लगे एक और टीचर BLO की मौत हो गई। मंगलवार सुबह BLO कमलकांत शर्मा को हार्ट अटैक आ गया। वो अपने घर पर ही चक्कर खाकर गिर पड़े। परिवारवाले उन्हें अलीगढ़ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
खबर मिलते ही जिलाधिकारी अतुल वत्स परिवार से मिलने पहुंचे। घर में फर्श पर बैठकर परिवार को ढांढस बंधाया। कमलकांत की पत्नी नीलम शर्मा ने आरोप लगाया कि अधिकारियों के बहुत फोन आते थे। काम का बहुत दबाव था। वो बहुत टेंशन में थे। हम समझाते थे कि इतना परेशान न हो। ज्यादा हो तो नौकरी छोड़ दो।
बुलंदशहर में महिला टीचर BLO ने दी सुसाइड की धमकी
बुलंदशहर के प्राथमिक विद्यालय ताजपुर की शिक्षिका रजनी ने SIR काम के अधिक दबाव और अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया सुसाइड की धमकी दी। उन्होंने ग्रुप पर मैसेज भेजा है। जिसमें लिखा- मैं रजनी प्राथमिक विद्यालय ताजपुर में पिछले 5 साल से कार्यरत हूं। मैं पिछले 5 साल से लोकसभा, विधानसभा में BLO के रूप में काम कर रही हूं, लेकिन जब से SIR का काम चला है, मुझे परेशान किया जा रहा है। मैं अकेली लड़की SIR का काम ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों कर रही हूं। जिसमें मेरा काम 50% से ऊपर काम हो गया है।

उन्होंने आगे लिखा- पहले अधिकारियों द्वारा कहा गया था कि सब प्रपत्र को बांट दो, फिर कहा गया कि उन्हें जल्दी-जल्दी लेकर ऑनलाइन कर दो। मैं बहुत परेशान हो चुकी हूं। मेरे खिलाफ FIR और मुझे निलंबित करने की धमकी दी जा रही है। इससे परेशान होकर आज मैं आत्महत्या करने को तैयार हूं। इसके जिम्मेदार सभी अधिकारीगण हैं। मेरे द्वारा 50% काम कर दिया है। मेरे जाने के बाद जो 50% काम बचा है, उसे सभी अधिकारीगण मिलकर कर लें। सभी अधिकारीगण को मेरा आखिरी नमस्ते।

कानपुर में महिला BLO से अभद्रता
कानपुर के आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र में SIR काम के दौरान महिला BLO शाहिदा परवीन के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि रिजवी रोड पर फॉर्म वितरित करते समय मोहल्ले का युवक मोहम्मद नईम ने सरकारी काम में बाधा डाली, विरोध करने पर गाली-गलौज कर लोगों को भड़काने लगा। BLO की शिकायत पर देर रात बेकनगंज थाने में मोहम्मद नईम के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
यूपी में अब तक 9 BLO की जान गई
यूपी में अब तक कुल 9 बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की मौत हो चुकी है। 3 ने सुसाइड किया, 4 की हार्टअटैक और 1 की ब्रेन हेमरेज से मौत हुई। वहीं, संभल में SIR ड्यूटी में लगे सहायक बीएलओ अरविंद कुमार (40) की सोते-सोते मौत हो गई थी।
इस बीच गोंडा की एक महिला BLO आरती देवी और नीलम मिश्रा को समय से पहले SIR पूरा करने के लिए सम्मानित किया गया। दोनों ने 2 महीने के बच्चे को गोद में लेकर अपने बूथ पर काम पूरा किया। बूढ़ादेवर गांव के प्राथमिक स्कूल बूथ पर तैनात शिक्षामित्र आरती ने बताया कि 12-13 दिन में काम पूरा किया। बूथ में 781 वोट दर्ज थे। 2 दिन घर-घर जाकर फॉर्म बांटे। इसके बाद कैंप लगाकर फॉर्म भरवाए।

