धीरेंद्र शास्त्री के कन्वर्टेड मुसलमान वाले बयान पर बवाल, सांसद बर्क बोले- गुमराह मत करिए

धीरेंद्र शास्त्री के कन्वर्टेड मुसलमान वाले बयान पर बवाल, सांसद बर्क बोले- गुमराह मत करिए

संभल/बरेली/मुरादाबाद: कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कन्वर्टेड मुसलमान वाले बयान पर मुस्लिम समुदाय में गुस्सा है। उनके बयान पर संभल से सपा सांसद जिया उर्रहमान बर्क ने पलटवार किया है। उन्‍होंने कहा कि अगर इनका इतिहास उठाकर देखा जाए तो जब देश की आजादी की लड़ाई लड़ी जा रही थी, तब ये लोग कहीं दिखाई नहीं दिए। जब अंग्रेजों ने देश पर कब्जा कर रखा था और सब मिलकर आजादी की जंग लड़ रहे थे, तब भी इनमें से कोई नजर नहीं आया था।

सांसद बर्क ने कहा कि देशभक्ति जुबान से गीत गाने से साबित नहीं होती। हमारा राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान अपनी जगह हैं। उनका हम सम्मान करते हैं और करते रहेंगे, लेकिन देशभक्ति साबित करने के लिए कुर्बानी देनी पड़ती है। इस तरह की बातें कर लोगों को गुमराह नहीं करना चाहिए। अगर आप सच्चे देशभक्त हैं तो इसे अपने कर्मों से साबित करके दिखाइए।

धीरेंद्र शास्त्री RSS के खिलाफ जा रहे हैं

वहीं, ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सोमवार को कहा कि दुनिया में सबसे पहले हजरत आदम आए और तमाम इंसानियत उनकी ही औलाद हैं। धीरेंद्र शास्त्री भी आदम की ही औलाद हैं। असली-नकली का फर्क करने वाला खुद नकली होता है।

रजवी ने कहा कि कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री अपने प्रवचनों और हिंदू राष्ट्र के मुद्दे को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। धीरेंद्र शास्त्री आरएसएस के विचारों से हटकर हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं। जबकि आरएसएस कहती है कि भारत पहले से ही हिंदू राष्ट्र है, लेकिन शास्त्री इसे अलग लहजे में कहते हैं। उनका यह भी कहना है कि भारत में नकली मुसलमान हैं और विदेशों में असली मुसलमान। मगर असली और नकली की पहचान उन्होंने कैसे की, उनको यह बताना चाहिए।

शौकत अली ने कहा नकली हिंदू

AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली मुरादाबाद में पार्टी के एक कार्यक्रम में धीरेंद्र शास्त्री को सनातन धर्म के चारों वेदों को पढ़ने की सलाह दी। उन्‍होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री कहते हैं कि हम हिन्दू राष्ट्र बनाएंगे। अगर हम मुस्लिम राष्ट्र कहेंगे, तो मुझ पर मुकदमा हो जाएगा। उन्‍होंने हमारे देश का कानून हमें इस बात की इजाजत देता है। कोई हमें नहीं छेड़े और अगर कोई हमें छेड़ेगा तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। संवैधानिक तरीके से हम उसका जवाब देंगे। मुझे तो ये लगता है कि ये नकली हिंदू हैं।

शौकत अली ने कहा कि दुनिया में अगर कोई पहला व्यक्ति आया तो उसका नाम था आदम (अलैहिस्सलाम)। यह हमारा मानना है। मां हौवा आई थीं। उनके बाद से ही इंसानियत की शुरुआत हुई। मेरा मानना है कि धीरेंद्र शास्त्री का जो अतीत है, वह मुसलमान थे। वो मुझे सनातन का मतलब समझा दें। सनातन का मायना हिंदू होता है या हिंदू का मायना सनातन होता है, वो मुझे ये बता दें।

क्‍या बोले थे धीरेंद्र शास्‍त्री?

आगरा में 06 सितंबर को पंडित धीरेंद्र शास्त्री का कार्यक्रम होना था। 5 हजार लोगों के आने की परमिशन ली गई थी। लेकिन, 20 हजार से ज्यादा लोग पहुंच गए। इस पर प्रशासन ने कार्यक्रम की परमिशन रद्द कर दी थी। असली मुसलमान विदेशों में धीरेंद्र शास्त्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि असली मुस्लिम तो विदेशों में हैं, यहां पर सब कन्वर्टेड मुसलमान हैं। अगर वो अपने पूर्वज खंगाले तो सब सनातनी मिलेंगे।

उन्‍होंने कहा कि 3000 साल पहले इस पृथ्वी पर यदि कोई रहता था, तो केवल सनातनी रहते थे। जिसका न आदि है और न अंत है। तीन हजार वर्ष पूर्व कोई रहता था, तो सिर्फ सनातनी रहते थे। इसलिए जितने भी लोग यहां रह रहे हैं, वह अपने पूर्वज खंगालें, तो उनके सभी पूर्वज सनातनी मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *