Tatiri Song पर रैपर बादशाह ने NCW से मांगी माफी, उठाएंगे 50 बेटियों की पढ़ाई का खर्च  

Tatiri Song पर रैपर बादशाह ने NCW से मांगी माफी, उठाएंगे 50 बेटियों की पढ़ाई का खर्च  

Tatiri Song Controversy: रैपर बादशाह ने टटीरी गाने पर चल रहे विवाद में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के सामने पेश होकर माफी मांग ली है। मंगलवार को दिल्ली में आयोग के सामने सिंगर के अलावा निर्देशक जोबन संधू, महावीर सिंह के साथ-साथ निर्माता हितेन भी पेश हुए। मामले की सुनवाई आयोग की अध्यक्षा विजया रहाटकर ने की। आयोग ने गीत के बोल और प्रेजेंटेशन को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताते हुए नाराजगी जताई।

इसके बाद बादशाह और उनकी टीम ने बिना शर्त माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया। इसके अलावा, बादशाह ने महिला सशक्तिकरण के लिए काम करने, 4 महीनों के भीतर एक पॉजीटिव सॉन्ग बनाने और आर्थिक रूप से कमजोर 50 लड़कियों की शिक्षा का खर्च उठाने का भी वादा किया।

एक मार्च को रिलीज हुआ, 03 एफआईआर दर्ज हुई

बादशाह का टटीरी सॉन्ग 01 मार्च को रिलीज हुआ था। सॉन्ग के रिलीज होने के साथ ही इसमें बादशाह के लिरिक्स और लड़कियों के सीन को लेकर कई सामाजिक संगठनों ने आपत्ति जताई थी। पानीपत स्थित नारी तू नारायणी उत्थान समिति अध्यक्ष सविता आर्या ने बादशाह के खिलाफ राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर जींद और पंचकूला में बादशाह के खिलाफ 3 प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई थी। इसके बाद पंचकूला पुलिस ने सॉन्ग को यूट्यूब से हटवा दिया।

बादशाह ने वीडियो शेयर कर मांगी थी माफी

जब गाने को लेकर विवाद हुआ था तो बादशाह ने वीडियो बनाकर माफी मांगी थी। उन्होंने वीडियो में कहा था- ‘मेरा टरीरी गाना जब से रिलीज हुआ है तब से इसके एक हिस्से में मेरे लिरिक्स को और विजुअल रिप्रेजेंटेशन की वजह से जो मैसज गया, उससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची।’

उन्‍होंने कहा कि मैं ये कहना चाहूंगा कि मैं खुद हरियाणा से हूं। मेरी पहचान हरियाणा से है। मेरा इरादा नहीं था कि मैं किसी बच्चे या महिला के बारे में बेहुदी बात करूं। वो शब्द कभी भी किसी महिला या बच्चे के लिए नहीं थे। मैं उम्मीद करता हूं कि मुझे हरियाणा का बेटा समझकर माफ करेंगे।

50 बच्चियों की पढ़ाई और फंड का जिम्मा

आयोग के सामने पेशी के दौरान बादशाह ने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि वह 50 बच्चियों की शिक्षा को स्पॉन्सर करेंगे और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए फंड जुटाने में भी मदद करेंगे। बादशाह के वकील अक्षय दहिया ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनके क्लाइंट ने आयोग को आश्वासन दिया है कि भविष्य में वह कभी भी ऐसा कोई गाना नहीं गाएंगे जो महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाता हो।

अब महिला सशक्तिकरण पर बनाएंगे विशेष गाना

बादशाह की लीगल टीम के अनुसार, वे पहले से ही सामाजिक कार्यों से जुड़े हैं, लेकिन अब इस विवाद के बाद वे विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण पर आधारित एक नया गाना तैयार करेंगे। इसका उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाना होगा।

Tatiri Song पर रैपर बादशाह ने NCW से मांगी माफी, उठाएंगे 50 बेटियों की पढ़ाई का खर्च  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *